रायबरेली: औसत से अधिक न्यूनतम तापमान से खिसका मानसून- हवा का रुख न बदलने से छाया सूखे का संकट

Amrit Vichar Network
Edited By Amrit Vichar
On

रायबरेली, अमृत विचार। हवा का रुख बदल नहीं रहा है वहीं मानसून की अक्षीय रेखा मैदानी भागों से खिसक गई है जिस कारण बारिश की बूंद नहीं पड़ रही है। साथ ही पिछले 12 दिन से न्यूनतम तापमान औसत से अधिक चल रहा है जिस कारण भीषण उमस से लोगों को दो-चार होना पड़ रहा है। पश्चिम में बारिश हो रही है लेकिन पूर्व की हवा न चलने से मैदानी भागों में सूखा है।

मौसम विभाग के मुताबिक अगले पांच दिनों में हवा का रुख बदलने पर ही बारिश की संभावना है। वहीं बारिश न होने से सूखे का खतरा खड़ा हो गया है तो साथ ही आंख के फ्लू से लोग परेशान हैं। खासकर गंगा कटरी के क्षेत्रों में आंख का फ्लू संक्रामक रोग बन गया है।

जुलाई के पहले सप्ताह में जमकर बारिश हुई। इस दौरान 167 एमएम बारिश दर्ज की गई जो औसत से अधिक थी। उसके बाद मानसून ने धोखा दे दिया है। लगातार उमस और गर्मी से न दिन को चैन मिल रहा है और न रात में नींद आ रही है। असल में न्यूनतम तापमान औसत से अधिक है जो मानसून को सक्रीय नहीं कर रहा है। इस कारण रात के समय अधिक गर्मी पड़ रही है। वहीं दिन में भी तपिश हो रही है। कई सालों बाद जुलाई में जून सी तपिश दिन में देखने को मिल रही है।

मानसून की जो अक्षीय रेखा है वह पश्चिम की ओर खिसक गई है जिससे वहां पर बारिश हो रही है। जबकि पूर्व में यह मैदानी भागों के ऊपर सक्रीय थी। मानसून रूठने से किसान से लेकर आमजन परेशान हैं। स्कूलों में बच्चे बेहोश होकर गिरते हैं तो साथ ही अस्पतालों में तमाम तरह के रोग के मरीजों की लाइन लगी रहती है। आंख के फ्लू ने उस पर कहर बरपा रखा है। शहर लेकर गांव तक आंख का फ्लू लोगों को परेशान किए हुए है। एक संक्रमित बीमारी होने के कारण यह तेजी से फैल रही है।

गुरुवार को भीषण गर्मी और उमस से लोग परेशान रहे। पूरे दिन लोग पसीना पोछने पर विवश रहे। कूलर की हवा भी राहत नहीं दे रही है। अधिकतम तापमान 36 डिग्री और न्यूनतम तापमान 27 डिग्री रहा। आद्रता का प्रतिशत 75 फीसदी रहा। मौसम विभाग के विशेषज्ञ अजय मिश्रा का कहना है कि अगले पांच दिनों में बारिश की उम्मीद है लेकिन अभी हवा उत्तर-पूर्व की ओर नहीं आ रही है। इसके अगले एक-दो दिन में आने की उम्मीद है। पिछले एक माह बाद गुरुवार को अधिकतम तापमान औसत से एक डिग्री अधिक रहा।

10 दिनों के न्यूनतम तापमान पर नजर
दिन-----तापमान--------औसत
18 जुलाई--- 27.2 डिग्री----2.3 डिग्री अधिक
19 जुलाई--- 27.6 डिग्री---2.3 डिग्री अधिक
20 जुलाई--- 27.6 डिग्री---2.3 डिग्री अधिक
21 जुलाई--- 27.8 डिग्री--2.6 डिग्री अधिक
22 जुलाई--- 28.2 डिग्री---3.2 डिग्री अधिक
23 जुलाई--- 28 डिग्री--- 3 डिग्री अधिक
24 जुलाई--- 27.8 डिग्री--- 3 डिग्री अधिक
25 जुलाई--- 29.7 डिग्री---3.7 डिग्री अधिक
26 जुलाई---26.2 डिग्री---1 डिग्री अधिक
27 जुलाई---27.6 डिग्री---2.6 डिग्री अधिक

यह भी पढ़ें:-अयोध्या: फसल बीमा योजना के प्रति किसानों को जागरूक करने को निकला प्रचार वाहन 

संबंधित समाचार