उन्नाव : उन्नाव में संदिग्ध परिस्थिति में दो विवाहिताओं ने फंदे से लटककर दी जान
अमृत विचार, उन्नाव । उन्नाव में अलग-अलग थाना क्षेत्रों में संदिग्ध परिस्थिति में विवाहिता ने फांसी लगा जान दे दी। मौरावां थाना क्षेत्र में हुई विवाहिता की मौत पर ससुराल पक्ष पर हत्या के आरोप लगे हैं। इसके बाद फील्ड यूनिट टीम ने मौके की जांच की। पिता की तहरीर पर पुलिस ने रिपोर्ट दर्ज कर की है। वहीं, सदर कोतवाली क्षेत्र में पति से विवाद के बाद मायके में विवाहिता ने फांसी लगाकर जान दे दी। मृतका के माता-पिता व चाचा नोएडा में काम करते हैं। पुलिस शव मोर्चरी में रखवाकर पिता के आने का इंतजार कर रही है।
केस-1
मौरावां थानाक्षेत्र के गांव तोमरन खेड़ा में राधा का शव उसके कमरे में संदिग्ध हालात में फंदे से लटका देख ससुरालियों के होश उड़ गए। बता दें कि रायबरेली जिले के बछरावां थानांतर्गत चुरुवा गांव निवासी नागेंद्र सिंह की इकलौती पुत्री राधा की शादी मौरावां थानांतर्गत तोमरन खेड़ा गांव में राम लखन पुत्र शिव कुमार उर्फ दिनेश से तीन साल पहले हुई थी। पिता नागेंद्र ने बताया कि शादी के बाद से रामलखन, उसकी बहन रीतू व सास बेटी राधा को दहेज के लिए प्रताड़ित करती थीं।
पिता ने बताया कि दो दिन पूर्व ही उसने बेटी की ससुराल में एसी लगवाया था। गुरुवार सुबह उसे अचानक बेटी की मौत की खबर लगी तो उसके होश उड़ गए। राधा की मौत से एक साल के बेटे रुद्र के सिर से मां का साया उठ गया। उधर बेटी की मौत पर मां मीरा सिंह और भाई अंशुमान और कीर्तिमान बिलख उठे। सूचना पर पहुंची मौरावां पुलिस ने फील्ड यूनिट की टीम बुलाकर जांच कराने के बाद शव पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया। एसओ भवन सिंह मौर्य ने बताया कि तहरीर के आधार पर रिपोर्ट दर्ज कर जांच की जा रही है।
केस-2
सदर कोतवाली अंतर्गत बाबूगंज मोहल्ला निवासी स्नेहा (21) पुत्री विजय की शादी तीन साल पहले दही थाना क्षेत्र के सिंघुपुर गांव में वीरू से हुई थी। आपसी अनबन व विवाद के कारण शादी के एक साल बाद संबंध विच्छेद हो गए। इसके बाद स्नेहा मायके में रहने लगी। पिता विजय, उसकी मां व चाचा अजय नोएडा में काम करते हैं। गुरुवार सुबह स्नेहा ने अपने घर में फांसी लगाकर जान दे दी। वृद्ध दादी ने देखा तो शोर मचाया। आसपास लोगो एकत्र हुए और पुलिस को सूचना दी। घर में कोई पुरुष सदस्य मौजूद नहीं होने पर पुलिस ने शव को मोर्चरी में भेज दिया। घटना के विषय में मौजूद परिजन कोई जानकारी नहीं दे पाए।
ये भी पढ़ें - लखनऊ : मदरसा शिक्षा परिषद ने घोषित किया परीक्षाफल, 84.48 प्रतिशत परीक्षार्थी उत्तीर्ण
