Unnao: Pakistan में बंद पिता, बेटे ने वतन वापसी की PM व CM से लगाई गुहार, सरहद पार करने का आरोप, जानिए पूरा मामला
उन्नाव के बेटे ने पाकिस्तान में बंद पिता की घर वापसी के लिए पीएम व सीएम से लगाई गुहार।
उन्नाव के बेटे ने पाकिस्तान में बंद पिता की घर वापसी के लिए पीएम व सीएम से गुहार लगाई। सरहद पार करने के मामले में पाकिस्तान पुलिस ने गिरफ्तार किया था।
उन्नाव, अमृत विचार। उन्नाव का रहने वाला एक व्यक्ति लगभग 2 साल से पाकिस्तान के सियालकोट जेल में बंद है । आरोप है की उसे अवैध रूप से सरहद पार करने के मामले में पाकिस्तान पुलिस ने गिरफ्तार किया था । भारतीय दूतावास से भेजे गए पत्र मिलने के बाद प्रशासन ने परिवार की जानकारी कराई और युवक पहचान संबंधी अभिलेख और परिजनों का ब्योरा जुटाया है । बेटे पिंटू ने पीएम मोदी और सीएम योगी से पापा को वापस घर मंगवाने की गुहार लगाई है ।
बता दें कि उन्नाव सदर कोतवाली के वार्ड 11 मोहल्ला सुल्तानखेड़ा निवासी पैंतालीस वर्षीय सूरजपाल मानसिक रूप से बीमार था। जिसका परिजनों ने इलाज कराया लेकिन फायदा नहीं हुआ । बताया जा रहा है की मानसिक रूप से बीमार होने के कारण वह कई बार लापता भी हो चुका है । वहीं परिजनों के मुताबिक साल 2020 नवंबर महीने में पिता की मौत के लगभग एक महीने बाद सूरज लापता हो गया।
पत्नी सुरजादेवी ने परिजनों के साथ पति सूरज की तलाश की लेकिन वो नहीं मिला । हालांकि परिजनों के द्वारा सूरज के लापता होने की शिकायत कहीं भी दर्ज नहीं कराई गई । वहीं अक्टूबर 2021 को चचेरे भाई रमेश के पास जम्मू से बीएसएफ के अधिकारियों का फोन आया । जिसमें अधिकारियों द्वारा सूरज के जम्मू के आरएस पुरा के रास्ते पाकिस्तान की सीमा में चले जाने की जानकारी दी गई।
जिसके बाद परिजनों को सूरज से मिलवाने और उसकी पहचान के लिए जम्मू बुलाया गया । पत्नी सुरजा देवी का कहना है की जब उनके पास फोन आया तो उनसे तत्काल आने को कहा गया। पत्नी का आरोप है की बुलाने पर उसे पति सूरज से मिलवाने की बात कही गई थी सेना के अधिकारियों ने काफी प्रयास किया लेकिन पाकिस्तान पुलिस ने सूरजपाल को न वापस भेजा और न ही मुलाकात कराई। एक हफ्ते का समय बीत जाने के बाद भी पाकिस्तान द्वारा उसे उसके पति से नहीं मिलवाया गया । जिसके बाद परिजन वापस उन्नाव लौट आए।
बीते दिनों भारतीय दूतावास से पत्र भेजकर सूरज का एड्रेस वेरिफिकेशन के लिए पत्र शासन से जिला प्रशासन के पास आया । जिस पर राजस्व विभाग और पुलिस को सत्यापन के निर्देश दिए गए । जिसके बाद जिला प्रशासन और पुलिस ने गांव जाकर परिजनों से संपर्क किया तो पूरे घटनाक्रम की जानकारी हुई।
पाकिस्तान की जेल में बंद युवक के बेटे पिंटू राजपूत ने पीएम मोदी और सीएम योगी से पापा को वापस घर मंगवाने की गुहार लगाई है । इस बाबत एडीएम नरेंद्र सिंह ने बताया कि सूरजपाल की नागरिकता के बारे में जानकारी मांगी गई थी। चिट्ठी लिखकर रिपोर्ट तलब की गई है। जल्द ही पूरी जानकारी एंबेसी भेजी जाएगी।
