बरेली: फर्मों के अभिलेखों की जांच नहीं की, अपर नगर आयुक्त तृतीय का जवाब-तलब
राष्ट्रीय स्वच्छ वायु कार्यक्रम निविदा समिति के अध्यक्ष को नगर आयुक्त ने भेजा पत्र
बरेली, अमृत विचार। नगर निगम में जनहित में कराने वाले काम से पहले फर्मों के अभिलेख जांचने में अफसर लापरवाही बरत रहे हैं। ऐसे ही दो मामले नगर आयुक्त ने पकड़े हैं। इस संबंध में उन्होंने राष्ट्रीय स्वच्छ वायु कार्यक्रम निविदा समिति के अध्यक्ष एवं अपर नगर आयुक्त तृतीय से नाराजगी जताई है। प्रकरण में तीन दिन में स्पष्टीकरण मांगा है।
निगम में राष्ट्रीय स्वच्छ वायु कार्यक्रम (एनकैप) के तहत कई काम होने हैं। इसमें ढाई करोड़ से संजय नगर में ग्रीन क्रिमेटोरियम यानि जैव शवदाह गृह का निर्माण होना है। जून में इसके टेंडर जारी किए गए थे। अगस्त तक इसे बनाने का लक्ष्य तय था। इस काम को लेकर निविदा समिति बनाई गई थी। अपर नगर आयुक्त तृतीय समिति का अध्यक्ष बनाया गया था। उनके जरिए ही फाइल नगर आयुक्त तक गई थी। नगर आयुक्त ने जांच के बाद इसमें कमियां पकड़ी हैं।
वहीं, वार्ड 29 में मठलक्ष्मीपुर में लालाराम के मकान से शिवलाला तक और छत्रपाल से सीमा के मकान तक नाली और सीसी रोड के निर्माण कार्य का टेंडर लेने वाली फर्म की पत्रावली की जांच में कमी मिली। नगर आयुक्त ने 27 जुलाई को निविदा समिति के अध्यक्ष से कहा है कि समिति द्वारा फर्मों के अभिलेखों की जांच नहीं की जा रही है।
अध्यक्ष के सत्यापन के बिना ही पत्रावलियों को नगर आयुक्त को भेजी जा रही हैं। सूत्रों के अनुसार नगर आयुक्त का पत्र मिलने पर अपर नगर आयुक्त तृतीय ने पर्यावरण अभियंता का भी जवाब-तलब कर लिया है। उन्होंने पूछा है कि फर्म के अभिलेख जांचने में लापरवाही क्यों बरती गई। सूत्रों के अनुसार अभिलेखों में कमी मिलने पर ग्रीन क्रिमेटोरियम का दोबारा टेंडर मांगा गया है।
ये भी पढ़ें- बरेली में रूट को लेकर बढ़ा बवाल, कांवड़ियों को लाठी फटकार कर खदेड़ा, आंसू गैस के भी दागे गोले
