Unnao News: दर-दर भटकने को मजबूर दिव्यांग महिला, छेड़छाड़ की हुई शिकार, पीड़िता बोली- थाने में पुलिस नहीं सुनती
उन्नाव में दर-दर भटक रही छेड़छाड़ की शिकार दिव्यांग महिला।
उन्नाव में छेड़छाड़ की शिकार दिव्यांग महिला दर-दर भटक रही। थाने में सुनवाई नहीं होने पर उसने डीएम को प्रार्थना पत्र देकर न्याय की गुहार लगाई।
उन्नाव, अमृत विचार। उन्नाव के मौरावां थानांतर्गत एक गांव निवासी दिव्यांग महिला युवक द्वारा घर में घुसकर छेड़छाड़ करने की शिकायत करने को वह दर-दर भटक रही है। सोमवार को उसने डीएम की चौखट पर पहुंचकर प्रार्थना पत्र में उसने आरोपी पर कार्रवाई करने की गुहार लगाई है। महिला के प्रार्थनापत्र में मौरावां पुलिस पर भी कार्रवाई न करने का आरोप लगाया गया है।
मौरावां थानाक्षेत्र की दिव्यांग महिला ने डीएम आफिस में प्रार्थनापत्र देकर बताया कि दो दिन पूर्व रात नौ बजे गांव निवासी नंद किशोर पुत्र स्व. माता प्रसाद जबरन उसके घर में घुस आया और उससे छेड़छाड़ की। विरोध करने पर उसने उसे पीटा भी। शोर सुनकर उसे बचाने पहुंचे दिव्यांग पति को भी युवक ने जमकर पीटा।
पति के चिल्लाने पर जब आसपास के लोग वहां पहुंचे तो युवक घर खाली न करने पर जान से मारने की धमकी देते हुए भाग निकला। महिला का आरोप है कि मारपीट के बाद से पति को ठीक से सुनाई नहीं दे रहा। महिला ने आरोप लगाया कि वह मौरावां थाना गई और घटना की जानकारी दी। लेकिन, पुलिस ने कोई सुनवाई नहीं की। वहीं मौरावां इंस्पेक्टर भवन सिंह ने बताया कि मामला मारपीट का था। जिसकी रिपोर्ट दर्ज की गई थी। रिपोर्ट दर्ज न करने की बात गलत है। मामला आपसी विवाद का है।
