मोदी सरनेम मामला : कांग्रेस नेता प्रमोद तिवारी ने बांटी मिठाई, कहा - सत्य परेशान हो सकता है पराजित नहीं
लखनऊ, अमृत विचार। सुप्रीम कोर्ट ने शुक्रवार को राहुल गांधी की सजा पर रोक लगा दी है। इसके बाद कांग्रेस पार्टी में जश्न का माहौल है। कांग्रेस के तमाम नेता और कार्यकर्ता राहुल गांधी को सुप्रीम कोर्ट से मिली राहत पर अपनी खुशी जाहिर कर रहे हैं। राजधानी में राज्यसभा सांसद प्रमोद तिवारी ने अपने सरकारी आवास पर राहुल गांधी को मिली राहत को सत्य की जीत बताते हुए मिठाई बांटी। इस दौरान उन्होंने मीडिया से कहा कि सत्य परेशान हो सकता है लेकिन पराजित नहीं, आज सत्य की विजय हुई है।
उन्होंने आगे कहा कि उससे बड़ी कोई कोर्ट नहीं जिसने आज फैसला लिया है। उसके सामने सारे साक्ष्य है। उस साक्ष्य के आधार पर जो सजा मिली थी वो उचित नहीं थी। आज तक के इतिहास में राहुल गांधी के अलावा किसी को अधिकतम 2 साल की सजा नहीं दी गई है। अगर 2 साल से एक दिन कम हो जाए तो संसद सदस्यता नहीं जाती।
प्रमोद तिवारी ने आगे कहा कि मैं समझता हूं आज भाजपा हारी है। सत्ता हारी है और इंडिया जीता है। उन्होंने कहा कि वो इंडिया जीता है, जिसका नाम सुनकर मोदीजी की जुबान बहक जाती है। वो इंडिया जीता है, जिस इंडिया के जिक्र होने से भाजपा वाले गालियां निकालने लगते हैं। प्रमोद तिवारी ने आगे कहा कि ये आने वाले दिनों का संकेत है। आज हम अदालत में जीते हैं और कल हम जनता की अदालत में जीतेंगे। 2024 में ये इंडिया के आने की शुरुआत है और मोदीजी के अहंकाररूपी साम्राज्य के जाने के उल्टी गिनती शुरू हो गई है।
ये भी पढ़ें -SC से राहत मिलने के बाद बोले राहुल गांधी, सत्य की हमेशा जीत होती है, समर्थन के लिये लोगों का धन्यवाद
