बरेली: दुष्कर्म के फर्जी आरोप में अचार फैक्ट्री मालिक को जेल में काटने पड़े 50 दिन, जानिए मामला

Amrit Vichar Network
Edited By Amrit Vichar
On

जांच के बाद पुलिस ने लगाई फाइनल रिपोर्ट, कोर्ट में अर्जी देकर जेल से रिहा कराया

DEMO IMAGE

बरेली, अमृत विचार। मॉडल टाउन के अचार फैक्ट्री मालिक रवि कुमार को दुष्कर्म के फर्जी आरोप की वजह से 50 दिन जेल में काटने पड़े। अब पुलिस की विवेचना में यह मामला फर्जी पाया गया है। खुद पीड़िता भी कोर्ट में अपने आरोपों से मुकर गई। पुलिस ने अब इस मामले में फाइनल रिपोर्ट लगाने के बाद कोर्ट में अर्जी देकर फैक्ट्री मालिक को रिहा कराया है। इसके बाद फर्जी आरोप लगाने वाली महिला पर कार्रवाई करने की तैयारी शुरू कर दी है।

पुवायां (शाहजहांपुर) क्षेत्र की एक महिला ने नौ जून को मॉडल टाउन में रहने वाले अचार फैक्ट्री के मालिक रवि कुमार के खिलाफ थाना बारादरी में दुष्कर्म की रिपोर्ट दर्ज कराई थी। आरोप लगाया था कि रवि ने नौकरी देने के बहाने उसे सेटेलाइट बस अड्डे पर बुलाया और फिर एक होटल में ले जाकर दुष्कर्म किया। रिपोर्ट दर्ज करने के बाद पुलिस ने 12 जून को रवि कुमार को गिरफ्तार कर जेल भेज दिया था। महिला ने पुलिस को दिए बयानों में दुष्कर्म की बात कही लेकिन जब कोर्ट में बयान दर्ज कराए तो इससे मुकर गई।

इसके बाद विवेचक ने 26 जुलाई को फाइनल रिपोर्ट लगा दी, साथ ही रवि कुमार की रिहाई के लिए अपनी रिपोर्ट कोर्ट भेज दी। पुलिस की रिपोर्ट पर कोर्ट ने रवि कुमार को रिहा करने का आदेश जारी किया। बुधवार को उन्हें जेल से रिहा कर दिया गया।

दुष्कर्म का आरोप लगाने वाली महिला कोर्ट में अपने बयान से मुकर गई। इसे आधार बनाकर पुलिस ने केस में फाइनल रिपोर्ट लगाकर आरोपी को जेल से रिहा कराया है। अब पुलिस उसे बेवजह फंसाने वाली महिला पर कार्रवाई करेगी--- आशीष प्रताप सिंह, सीओ थर्ड।

यह भी पढ़ें- बरेली: बीएमएम पर रिपोर्ट दर्ज कराने के मामले में शुरू हुई जांच, जानिए पूरी खबर

संबंधित समाचार