Mahoba News: रुक-रुककर हो रही बारिश, मकान गिरने से किशोरी की मौत, दो दर्जन से ज्यादा मकान धराशाई, लोग हुए बेघर

Amrit Vichar Network
Edited By Amrit Vichar
On

महोबा में रुक-रुककर बारिश हो रही।

महोबा में रुक-रुककर बारिश होने से मकान गिरने से किशोरी की मौत हो गई। बारिश की चपेट में आने से दो दर्जन से ज्यादा मकान धराशाई हो गए।

महोबा, अमृत विचार। जिले में दिन से हो रही झमाझम बारिश ने कहर बरपा दिया है। पनवाड़ी और चरखारी क्षेत्र में बारिश से सबसे ज्यादा नुकसान हुआ है। विकासखंड पनवाड़ी के तुर्रा गांव में कच्चे मकान के मलबे में दबकर किशोरी की मौत हो गई है, जबकि एक दर्जन से ज्यादा घर जमीदोज हो गए हैं। बारिश से बर्बाद हुए घरों में रहने वाले लोगों के लिए अब आशियाने की दरकार है।

पूरी तरह घर गिर जाने से गृहस्थी का सामना व खानपान व सामान बर्बाद हो गया है, जिससे लोग दाने दाने को मोहताज हैं। आशियाना छिन जाने से लोग सामान लेकर सिर छिपाने के लिए इधर उधर भटक रहे हैं। पनवाड़ी, लिधौरा, छतेसर गांव में बारिश ने जमकर तवाही मचाई है। घरों और मार्गों पर चार चार फिट पानी भर गया, कहीं मैदान तालाब बन गए हैं।

चरखारी विधायक बृजभूषण राजपूत ने पनवाड़ी क्षेत्र में बारिश से हुए भारी नुकसान को देखने के लिए व ग्रामीण अंचलों में हुई बर्बादी का जायजा लेने के लिए स्वयं गांव गांव पहुंचकर ग्रामीणों से मुलाकात की और उन्हें ढांढस बंधाया साथ ही उन्हें मदद का आश्वासन दिया।

गौरतलब है कि शुक्रवार की शाम को पनवाड़ी क्षेत्र में हुई झमाझम बारिश के चलते लोगों के एक के बाद एक घर भरभरा कर गिर गए हैं, जिससे लोग बेघर हो गए हैं। छोटे छोटे बच्चों के साथ लोग बरसते पानी सिर छिपाने के लिए इधर उधर भटक रहे है। हालांकि प्रशासन ने बेघर हुए लोगों को ठहरने की व्यवस्था की है। तीन दिन से रुक रुककर हो रही बारिश के चलते कच्चे मकान पानी से पूरी तरह सराबोर हो चुके थे।

शुक्रवार की शाम को अचानक हुई मूसलाधार बारिश ने पहले से ही पानी से तरबतर मकानों को जमीदोज कर दिया। तेज बारिश के चलते घरों में चार चार फिट पानी भर जाने से हाय तौबा मच गई है।

चीख पुकार मचाते हुए लोग घरों से बाहर निकलकर भागे, बावजूद इसके तुर्रा मुहार निवासी रोहिणी (15) पुत्री चेतराम का कच्चा मकान गिरने से मलबे में दब गई। चीख पुकार और शोर शराबा सुनकर आनन फानन में ग्रामीणोें से मलबे से बाहर निकाला, लेकिन तब तक उनकी मौत हो चुकी थी। पुलिस ने शव का पंचनामा कर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है।

पनवाड़ी क्षेत्र में मूसलाधार बारिश के बाद नदी नालों के उफना जाने से पानी ने तबाही मचा दी है। कहीं घरों में तो कहीं सड़कों, कार्यालयों तो कहीं विद्यालयों में पानी भर गया। पानी के अधिक बहाव के चलते नाले के समीप मुहल्लों के घरों में पानी भरने से घर जलमग्न हो गए हैं, जिससे एक के बाद एक मकान गिरने लगे।

मेन बाजार में स्थित नाले के उग्र रुप धारण करने से बजनापुरा, रहुनियापुरा, काजीपुरा, पाठकपुरा सहित कई मुहल्लों और मेन हाईवे व बाजार की दुकानों में पानी ने घुसकर तबाही मचा दी, जिससे लोगों को भारी नुकसान हुआ है। नाले के पास रखी चाय पान की गुमटी व अन्य डिब्बे तेज बाहव में बह गए, जिससे इन फुटपाथ दुकानदारों के सामने रोजी रोटी का संकट पैदा हो गया है। दुकानों के आगे रखे तख्त और अन्य सामान भी पानी में बह गया है।

पानी के बहाव में फंसी बस मची चीख पुकार

झमाझम बारिश से हाईवे और सड़कों पर चार से पांच फिट पानी बहने के कारण राठ से झांसी जा रही एक प्राइवेट बस पानी में फंस गई। पानी के तेज बहाव को देखते हुए यात्री खबरा गए और चीख पुकार मचने लगी। तभी कुछ यात्रियों ने पुलिस को फोन कर सूचना दी, पुलिस फोर्स के साथ मौके पर पहुंची। थानाध्यक्ष पनवाड़ी शशि पांडेय ने पुलिस टीम के साथ मिलकर बस में फंसे यात्रियों को बाहर निकालकर सुरक्षित स्थान पर पहुंचा। शुक्रवार को देर शाम को राठ से चलकर झांसी जाते समय बस कस्बे पनवाड़ी के पास देवगनपुरा मोक्ष धाम के समीप सड़क में बह रहे तेज बहाव की चपेट में आ गई, लेकिन आनन फानन में पहुंचे समाजसेवी राजू मिश्रा, प्रेम सक्सेना ने अपनी जेसीबी मशीन से बस में पकड़ बनाई। इसके अलावा अन्य लोग यात्रियों की सहायता के लिए जुटे रहे।

बेघर हुए लोगों को राहत सामग्री पहुंचाने का काम शुरू

पनवाड़ी क्षेत्र में बारिश के तबाही मचाने के बाद घरों से बेघर हुए लोगों के खानपान और राहत सामग्री पहुंचाने का काम शुरु हो गया है। उपजिलाधिकारी कुलपहाड़ जितेंद्र कुमार, तहसीलदार कृष्णराज सिंह, कानूनगो और लेखपालों सहित राजस्व विभाग की टीम ने ग्रामीण क्षेत्रों में डेरा जमा लिया है। दो दिन से खानपान के लिए इधर से उधर भटक रहे बेघर हुए लोगों को लंच पैकेट और राहत सामग्री की व्यवस्था प्रशासन द्वारा की गई साथ ही उनके ठहरने के इंतजाम किए गए हैं। अब राजस्व और विकास विभाग के कर्मचारी घर घर में लंच पैकेट पहुंचा रहे हैं।

संबंधित समाचार