बरेली: आजमगढ़ में प्रधानाचार्य की गिरफ्तारी के विरोध में आज स्कूल बंद रखने का ऐलान
बरेली, अमृत विचार। आजमगढ़ जिले के चिल्ड्रन गर्ल्स स्कूल में हुई घटना के बाद प्रधानाचार्य और शिक्षक की गिरफ्तार के विरोध में इंडिपेंडेट स्कूल्स एसोसिएशन और सहोदया स्कूल्स कॉम्प्लेक्स के सदस्यों में रोष है। उन्होंने सोमवार सभी निजी स्कूल बंद रखने का एलान किया है।
प्रेमनगर में रविवार को एक निजी स्कूल में आयोजित प्रेसवार्ता में एसोसिएशन के जिलाध्यक्ष पारुष अरोरा ने कहा कि दुर्घटना की जांच पूरी हुए बिना ही स्कूल के प्रधानाचार्य को गिरफ्तार कर लिया गया। यह न्याय संगत नहीं है। मामले में स्कूल के विरुद्ध एकतरफा कार्रवाई की जा रही है। उन्होंने कहा कि अगर इस प्रकार की घटना किसी सरकारी या शासकीय सहायता प्राप्त स्कूल में होती तब भी क्या इसी तरह कार्रवाई होती। उन्होंने कहा कि इस कार्रवाई के खिलाफ सोमवार काे संगठन मुख्यमंत्री को संबोधित ज्ञापन डीएम को सौंपेंगे।
दरअसल कुछ दिन पहले आजमगढ़ के चिल्ड्रन गर्ल्स स्कूल में 11वीं की छात्रा की संदिग्ध परिस्थितियों में छत से गिरकर मौत हो गई थी। छात्रा के परिजन प्रधानाचार्य और क्लास टीचर के खिलाफ हत्या की रिपोर्ट दर्ज कराई थी। इस मामले में पुलिस ने प्रधानाचार्य और टीचर को गिरफ्तार कर जेल भेज दिया है।
ये भी पढ़ें- बरेली: स्पीड पोस्ट समय पर नहीं पहुंचाई तो डाकिये पर होगी कार्रवाई
