अयोध्या : 21 साल बाद फिर रामसेवकपुरम करेगा लाखों रामभक्तों का स्वागत
अमृत विचार, अयोध्या । राम जन्मभूमि पर प्राण प्रतिष्ठा की तैयारी को लेकर रामसेवकपुरम 21 वर्ष के बाद फिर रामभक्तों के स्वागत के लिए तैयार हो रहा है। इस स्थल पर आने वाले राम भक्तों के रुकने व भोजन की व्यवस्था होगी।
जनवरी 2024 में रामलला के प्राण प्रतिष्ठा के अवसर पर 9 दिवसीय आयोजन करने की योजना पर श्रीराम जन्मभूमि तीर्थ क्षेत्र ट्रस्ट कार्य कर रहा है। इस आयोजन में पीएम मोदी से लेकर देश के कई प्रमुख राजनेता, संघ पदाधिकारियों के साथ सभी मुख्य साधु संत भी मौजूद होंगे। इसके साथ ही लाखों की संख्या में राम भक्त भी अयोध्या पहुंचेंगे। सूत्रों से मिली जानकारी के मुताबिक 5 लाख राम भक्तों को लाने की योजना पर विहिप कार्य कर रही है, जिसके लिए अयोध्या के रामसेवकपुरम में राम भक्तों के रुकने के साथ भोजन की व्यवस्था के लिए एक भंडार गृह तैयार किया जा रहा है।
विश्व हिंदू परिषद के प्रांतीय मीडिया प्रभारी शरद शर्मा ने बताया कि 2002 में राम मंदिर निर्माण संकल्प को पूरा करने के लिए देश भर से लाखों रामभक्तों के द्वारा रामनाम संकीर्तन और यज्ञ अयोजन किया गया था। इस दौरान गांव-गांव शहर-शहर से हजारों राम भक्तों का जत्था अयोध्या पहुंच रहा था। 10 दिवसीय अयोजन में सभी प्रदेश से लोग आये थे। यह रामसेवकपुरम ऊर्जा स्थल है। जहां सभी राम भक्त प्रवास करते थे। और आयोजन में शामिल होते थे। इस बार भी ऐसी ही कुछ तैयारी है।
ट्रस्ट के पदाधिकारी भी प्रयासरत
शरद शर्मा ने बताया कि श्रीराम जन्मभूमि तीर्थ क्षेत्र ट्रस्ट बड़े ही तत्परता के साथ कार्य कर रहा है। राम जन्मभूमि तीर्थ क्षेत्र ट्रस्ट गठन के बाद से ही लगने लगा था कि वह अपने संकल्प को पूरा करने के लिए हर संभव प्रयास करेगा। आज भव्य मंदिर का निर्माण हो रहा है तो स्वाभाविक है कि जब प्राण प्रतिष्ठा होगी तो उसमें राम भक्तों को भी आमंत्रित करने का प्रयास होगा और जब राम भक्त आएंगे तो उनके ठहरने और भोजन के लिए व्यवस्था करनी ही पड़ेगी। अतिथियों का स्वागत होना चाहिए। उन्हें भोजन मिलना चाहिए। रुकने का स्थान मिलना चाहिए। इसलिए तीर्थ क्षेत्र ट्रस्ट के जो भी हमारे पदाधिकारी हैं वह सभी इस कार्य के लिए प्रयासरत हैं।
ये भी पढें - बस्ती : 10 दिन में खाली करना होगा खलिहान की जमीन, नहीं तो मदरसे पर चलेगा बुलडोजर
