बरेली: निवेशकों ने फाइनेंस कंपनी के कार्यालय पर किया हंगामा
सैकड़ों लोगों के रुपये लेकर नहीं दिए, कई लोगों से धोखाधड़ी का आरोप
बरेली, अमृत विचार। फाइनेंस कंपनी के भागने की सूचना पर दर्जनों निवेशकों ने सोमवार देर रात कार्यालय पर जमकर हंगामा किया। लोगों ने बताया कि कंपनी कई लोगों के करोड़ों रुपये लेकर फरार हो गई है। कुछ लोगों ने थाना पहुंचकर शिकायती पत्र भी दिया। हालांकि कंपनी के निदेशक ने बताया कि कंपनी भागी नहीं है, निकाली गई महिला कर्मी ने झूठी अफवाह उड़ा दी थी। जिस वजह से आशंका के चलते निवेशक कार्यालय पर पहुंच गए।
गुलाबबाड़ी स्थित केपीएस फाइनेंस कंपनी के कार्यालय पर सोमवार रात दर्जनों की संख्या में निवेशक पहुंच गए और भुगतान की मांग करते हुए हंगामा करने लगे। निवेशकों का कहना है कि कंपनी उनके रुपये लेकर फरार हो गई। निवेशक धर्मेन्द्र मौर्या, अशोक कुमार, छोटेलाल, राखी मौर्या, राम किशोर, रिंकी गुप्ता, सोमवती, कुमुद मौर्या, राजोदेवी, रामकुमार गुप्ता, हरिकिशोर, प्रीती उर्मिला देवी आदि ने बताया कि उन लोगों ने लाखों रुपये कंपनी में जमा किए हैं। आज पता चला कि कंपनी रुपये लेकर और कार्यालय बेचकर फरार हो गई। इसलिए यहां पहुंचे हैं।
निकाली गई कर्मचारी के कारण हुआ हंगामा
केपीएस कंपनी के निदेशक संजीव कुमार ने बताया कि उनके यहां सुमन मौर्या सलाहकार पद पर थी। उसने कंपनी के साथ धोखाधड़ी की। उसने अपने पति के साथ मिलकर कंपनी के कार्यालय में तोड़फोड़ भी की। इस पर उनकी कर्मचारी ने थाना बारादरी में 6 अगस्त को रिपोर्ट दर्ज कराई। रिपोर्ट दर्ज होने के दूसरे दिन ही सुमन ने लोगों के बीच अफवाह फैला दी कि कंपनी रुपये लेकर फरार हो गई है। ये आरोप निराधार है। कंपनी प्रत्येक निवेशक के रुपये देगी।
ये भी पढ़ें- बरेली: अधेड़ के गले में रस्सी डालकर हत्या मामले में छह को उम्रकैद
