बदायूं: शादी की पहली विदा पर लापता हो गई युवती, पुलिस ने नहीं की कार्रवाई, कोर्ट के आदेश पर रिपोर्ट दर्ज

Amrit Vichar Network
Edited By Amrit Vichar
On

पुलिस ने नहीं की कार्रवाई तो कोर्ट की शरण में गया था युवती का पति

बदायूं, अमृत विचार। शादी की पहली विदा के बाद युवती शादी में चढ़ाए गए जेवर और रुपये लेकर लापता हो गई। युवती को तलाश करने के बाद उसके पिता ने गांव निवासी पांच लोगों पर युवती का अपहरण करने का आरोप लगाया। पुलिस से शिकायत की लेकिन पुलिस ने कार्रवाई नहीं की। तो कोर्ट की शरण ली। कोर्ट के आदेश पर पांच लोगों के खिलाफ रिपोर्ट दर्ज करके पुलिस ने जांच शुरू कर दी है।

थाना बिनावर क्षेत्र के गांव रैपुरा निवासी सुभाष पुत्र हेम सिंह ने कोर्ट में प्रार्थना पत्र देकर बताया कि उनकी शादी 29 अप्रैल 2023 को थाना मूसाझाग क्षेत्र के एक गांव निवासी युवती के साथ हुई थी। शादी के दौरान दोनों पक्ष लेनदेन से संतुष्ट थे। पहली विदा होने के बाद युवती ससुराल में रहने लगी थी। आरोप है कि 18 मई की रात लगभग 11 बजे युवती शादी में चढ़ाए गए जेवर के अलावा पिता के 50 हजार रुपये, मां के सोने के चार कढ़े, आधा किलो चांदी की पायल लेकर लापता हो गई। तलाश करने के बाद भी वह कहीं नहीं मिली। महिला के मायका पक्ष को सूचना दी। 

एक घंटे के बाद युवती के पिता ने फोन करके बताया कि अवधेश, उसका पिता सुखलाल पुत्र रामदुलार, सुरेंद्र पुत्र मनोहर, जोगपाल पुत्र बाबू सिंह, गंगा सहाय पुत्र ठकुरी युवती को बहला-फुसलाकर ले गए हैं और अपने घर पर कमरे में बंद कर दिया है। युवती के पिता ने पुलिस से शिकायत की। उपनिरीक्षक ने जांच करने के बाद रिपोर्ट दर्ज करने की बात कही। 

युवती के पिता ने महिला को बहला फुसलाकर ले जाने वालों के घर से युवती को मुक्त कराने की कोशिश की। तो उन लोगों ने युवती के पिता के घर में घुसकर मारपीट की। शिकायत करने पर भी पुलिस ने कार्रवाई नहीं की तो सुभाष कोर्ट की शरण में गए। कोर्ट के आदेश पर अवधेश, सुखपाल, सुरेंद्र, जोगपाल, गंगा सहाय के खिलाफ उपद्रव करने, मारपीट, गलत संयम की तैयारी, कैद करने के लिए अपहरण करने की धाराओं में रिपोर्ट दर्ज की गई है।

ये भी पढे़ं-  बदायूं: जेनरेटर के खुले तार से लगा करंट, कांवड़िया की मौत

संबंधित समाचार