Kanpur Dehat: कच्चा मकान गिरने से मलबे में दबे पांच लोग, मची चीख-पुकार, ग्रामीणों ने निकाला, हैलट अस्पताल में भर्ती
कानपुर देहात में कच्चा मकान भरभराकर गिर गया।
कानपुर देहात के मैथा र्ब्लॉक में कच्चा मकान भरभराकर गिर गया। मलबे में दबकर पांच लोग घायल हो गए। ग्रामीणों ने किसी तरह कड़ी मशक्कत कर बाहर निकाला।
कानपुर देहात, अमृत विचार। शिवली क्षेत्र के भक्तिनपुरवा गांव में बुधवार की भोर पहर घर की कच्ची दीवार गिरने अंदर सो रहे एक ही परिवार के पांच लोग मलवे में दब गए। आवाज सुनकर ग्रामीणों ने दबे हुए लोगों को बाहर निकाल कर सीएचसी भेजा। जहां ईएमओ ने गंभीर हालत में घायलों को कानपुर हैलट रेफर किया है।
शिवली कोतवाली क्षेत्र के भक्तिनपुरवा गांव निवासी विनोद (40) मजदूरी कार्य करके जीवन यापन करता है। मंगलवार की रात को वह खाना खाकर पत्नी रेनू (35), पुत्र विवेक (4), पुत्री हिमांचल (7) व विनीता (3) के साथ घर के कमरे में सोने चला गया। बुधवार की भोर पहर अचानक कमरे की कच्ची दीवार भरा-भराकर गिर गई। जिससे विनोद परिवार समेत मलवे में दब गया।
आवाज से आस-पड़ोस के लोग बाहर आ गए और आनन फानन में दबे लोगों को मलवे से बाहर निकाल कर इलाज के लिए शिवली सीएचसी भेजा। वहां मौजूद ईएमओ डॉ. संध्या ने प्राथमिक उपचार के बाद गंभीर हालात में सभी घायलों को हैलट अस्पताल रेफर कर दिया। जानकारी पर नायब तहसीदार मनोज रावत व पुलिस मौके पर पहुंची। नायब तहसीलदार ने बताया लेखपाल से क्षति का आंकलन कराया जा रहा है। पीड़ित परिवार को नियमानुसार सहायता दिलाई जाएगी।
आवेदन के एक वर्ष बाद भी नहीं मिला आवास का पैसा
पीड़ित विनोद ने बताया कि उसने पिछले वर्ष प्रधानमंत्री आवास के लिए आवेदन किया था। उसके बाद ब्लाक के भी चक्कर लगाए। लेकिन वहा से केवल अश्वासन मिला और आवास का पैसा आज तक नहीं मिला है। ऐसे में वह परिवार के साथ कच्चे घर में रहने को मजबूर था। जिससे कारण हादसा हो गया। इस बावत ग्राम विकास अधिकारी श्यामसुदंर ने बताया आवास सूचनी में विनोद का नाम है। लक्ष्य आने पर खाते में धनराशि आ जाएगी
