हल्द्वानी: दुष्कर्म में नाकाम होने पर कुचला था बालिका का चेहरा

पिता की तहरीर पर अज्ञात के खिलाफ धारा 376, 307 और पॉक्सो के तहत मुकदमा दर्ज

हल्द्वानी: दुष्कर्म में नाकाम होने पर कुचला था बालिका का चेहरा

मंगलवार को आर्मी कैंट के पीछे हुआ था लड़की की हत्या का प्रयास

हल्द्वानी, अमृत विचार। आर्मी कैंट के पीछे नाबालिग से दरिंदगी की तस्वीर साफ हो चुकी है और अब सिर्फ दरिंदे को पकड़ा जाना बाकी है। पुलिस ने अज्ञात के खिलाफ मुकदमा दर्ज कर लिया है और उसकी गिरफ्तारी के लिए एसएसपी के आदेश पर चार टीमें काम पर लग गई हैं। 

बीते मंगलवार को पिता के लिए खाना लेकर निकली 12 साल की लड़की लहूलुहान हालत में राजपुरा गेट से आधा किलो मीटर अंदर गौला नदी के पास आर्मी कैंट के पीछे मिला था। लड़की जब पूरी तरह होश में आई तो उसने पुलिस को बताया कि वह पिता के लिए खाना लेकर घर से निकली थी। उसके पिता घर बनाने के लिए गौला नदी से रेत निकालने गए थे।

पिता की ओर जाते समय लड़की रास्ता भूल गई। उसने एक व्यक्ति से रास्ता पूछ लिया। व्यक्ति ने लड़की से कहा कि उसके पिता नदी में मछली पकड़ रहे हैं और वह उसे वहां तक पहुंचा सकता है। जिसके बाद व्यक्ति उसे आर्मी कैंट के पीछे जंगल में ले गया। उसे दबोच लिया और उसके साथ दुष्कर्म की कोशिश की।

लड़की ने विरोध किया और शोर मचाना शुरू कर दिया। दुष्कर्मी घबरा गया और लड़की का मुंह दबा दिया, लेकिन लड़की का विरोध जारी रहा। जिसके बाद उसने पत्थर से उसके मुंह, चेहरे और सिर पर कई वार कर दिए। लड़की बेहोश हो गई तो उसने लड़की के कपड़े से एक टुकड़ा फाड़ा और लड़की का गला घोंट दिया। लड़की को मरा समझ कर आरोपी फरार हो गया। 

करीब 2 घंटे तक लड़की वहीं पड़ी रही। इसी बीच राजपुरा में रहने वाली माया की बकरियां उस ओर चली गईं, जहां लड़की पड़ी थी। माया ने आवाज लगाकर बकरियों को बुलाया, लेकिन जवाब लड़की के मुंह से आया। लड़की की आवाज सुन माया ने अपने पति को भेजा।

जिसके बाद पुलिस को जानकारी हुई और लड़की सुशीला तिवारी राजकीय चिकित्सालय पहुंचाया गया। इस मामले में लड़की के पिता की तहरीर पर कोतवाली पुलिस ने धारा 376, 307 और पॉक्सो की धाराओं में केस दर्ज किया है। एसएसपी पंकज भट्ट ने बताया कि मामले के खुलासे के लिए चार टीमें लगाई गई हैं।