संभल: ईओ के सामने भिड़े सेवानिवृत सफाई कर्मी व लिपिक, हंगामा
खींचतान, धक्का मुक्की से अधिशासी अधिकारी आवास पर मची अफरातफरी, मामला कोतवाली पहुंचने पर दोनों पक्षों में करा दिया समझौता
संभल/चन्दौसी, अमृत विचार। नगर पालिका के अधिशासी अधिकारी के आवास स्थित कार्यालय में बुधवार की सुबह उस समय हंगामा हो गया। जब ईओ के सामने ही सेवानिवृत सफाई कर्मी और लिपिक किसी बात को लेकर आपस में भिड़ गए। खींचतान और धक्का मुक्की होने पर अफरातफरी मच गई। मामला कोतवाली पहुंचा तो दोनों पक्षों में समझा बुझाकर समझौता करा दिया गया।
बुधवार की सुबह करीब 11 बजे फव्वारा चौक मोहल्ला कागजी स्थित पालिका के अधिशासी अधिकारी के आवास पर स्थित कार्यालय में पालिका के कर्मचारी बैठे थे। कामकाज को लेकर वार्ता चल रही थी। उसी समय सेवानिवृत सफाई कर्मी कमल कुमार की पेंशन को लेकर लिपिक अंशुल कुमार से कहासुनी होने लगी। मामला गाली-गलौच के साथ बढ़ गया। दोनों अपनी-अपनी सीट से उठ कर आमने-सामने आ गए और खींचतान के साथ धक्का मुक्की होने लगी। मारपीट तक नौबत आ गई।
जिससे कार्यालय में बैठे अन्य लोग कार्यालय से बाहर आ गए। अधिशासी अधिकारी व अन्य कर्मचारियों ने किसी तरह बीच-बचाव करा दिया। इसके बाद लिपिक अंशुल कुमार ने कोतवाली पहुंच कर तहरीर दे दी। जिसमें ईओ आवास पर झड़प के बाद गणेश कालोनी स्थित उनके घर में घुस कर मारपीट का आरोप लगाया गया इस बीच दोनों पक्षों के लोग कोतवाली पहुंच गए। जहां प्रभारी निरीक्षक सत्येंद्र सिंह पवांर और अधिशासी अधिकारी आरके भार्गव की मौजूदगी में समझौता हो गया।
अपने आवास पर पालिका के कर्मचारियों के साथ विभिन्न मुद्दों को लेकर वार्ता कर रहा था। उसी समय सेवानिवृत सफाई कर्मचारी व लिपिक के बीच आपसी मामले में कहासुनी के साथ तनातनी हो गई थी। कोतवाली में पुलिस की मौजूदगी में दोनों पक्षों में समझौता करा दिया गया है। आरके भार्गव, ईओ चन्दौसी
ये भी पढ़ें:- मुरादाबाद: मंडलायुक्त वितरित करेंगे लैपटाप, स्मार्ट क्लास का करेंगे उद्घाटन
