लखनऊ : जयंत चौधरी पर RLD ने साफ की स्थिति, BJP पर लगाया ये बड़ा आरोप 

Amrit Vichar Network
Edited By Amrit Vichar
On

लखनऊ, अमृत विचार। समाजवादी पार्टी (सपा) के सहयोगी राष्ट्रीय लोकदल (रालोद) के प्रवक्ता अनिल दुबे ने सत्तारूढ़ भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) पर रालोद के राष्ट्रीय जनतांत्रिक गठबंधन (राजग) में शामिल होने की अफवाह फैलाने का आरोप लगाया है। 

रालोद विधायकों के एक प्रतिनिधिमण्डल ने बुधवार को मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ से मुलाकात की थी। इसके बाद रालोद के भाजपा के नेतृत्व वाले राजग में शामिल होने की अटकलें लगनी शुरू हो गयीं। रालोद के राष्ट्रीय प्रवक्ता अनिल दुबे ने इसे भाजपा की साजिश करार दिया है। उन्होंने कहा, ‘‘रालोद के विधायकों ने सूखा और बाढ़ से जूझ रहे किसानों की समस्याओं को लेकर मुख्यमंत्री से मुलाकात की थी। इसे रालोद के राजग में शामिल होने की तैयारी के तौर पर पेश किया जा रहा है। यह बिल्कुल गलत है।’’ 

दुबे ने कहा कि भाजपा रालोद की लोकप्रियता से घबरायी हुई है, इसीलिये वह अनाप-शनाप प्रचार करवा रही है। रालोद ‘इंडिया’ गठबंधन के साथ है और उसी के साथ मिलकर वर्ष 2024 का चुनाव लड़ेगा। मुम्बई में होने वाली विपक्षी दलों की आगामी बैठक में रालोद अध्यक्ष जयंत चौधरी हिस्सा लेंगे। सपा के सहयोगी रालोद के राज्य विधानसभा में नौ विधायक हैं। इससे पहले भी रालोद के भाजपा से हाथ मिलाने की अटकलें लगायी गयी थीं, जिन्हें पार्टी अध्यक्ष जयंत चौधरी ने नकार दिया था। 

ये भी पढ़ें -CM योगी ने शुरू की लखनऊ से वाराणसी के बीच हवाई सेवा, कहा - साकार हो रहा PM मोदी का सपना

संबंधित समाचार