बदायूं: दिल्ली से लाकर खपाते थे नकली नोट, पुलिस ने एक को भेजा जेल

Amrit Vichar Network
Edited By Amrit Vichar
On

दिल्ली से 60 प्रतिशत असली नोट देने पर मिलते थे रुपये

उसावां, अमृत विचार। थाना उसावां पुलिस ने बुधवार को पांच हजार रुपये के नकली नोट के साथ एक युवक को गिरफ्तार किया। उसका एक साथी मौके से फरार हो गया। गुरुवार को पुलिस ने आरोपी को जेल भेज दिया। वह मास्टरमाइंड बताया जा रहा है। दोनों आरोपी फर्रुखाबाद के रहने वाले हैं। वह दिल्ली से नकली नोट लेकर आते हैं। नकली नोट के 60 प्रतिशत असली नोट लेकर आते हैं। शहर और कस्बों में जाकर खपा देते हैं। पुलिस फरार हुए मास्टर माइंड की तलाश कर रही है। 

बुधवार को थाना उसावां के थानाध्यक्ष रामेंद्र सिंह कस्बा में वाहनों का चेकिंग अभियान चला रहे थे। एक युवक थानाध्यक्ष के पास आया और बोला उसकी दुकान पर दो लोग आए थे। जो छोटे सामान की खरीदारी करने पर पांच सौ रुपये का नोट ही दे रहे हैं। उसने नोट नकली होने का शक जाहिर किया। थानाध्यक्ष उसकी दुकान पर पहुंचे। उन्हें देखकर एक युवक वहां से फरार हो गया। 

पुलिस ने दूसरे युवक को पकड़ लिया। उसने अपना नाम जिला फर्रुखाबाद के थाना कंपिल क्षेत्र के गांव सूरजपुर चमरऊवा निवासी अनूप उर्फ उदयपाल पुत्र आयुद्धी सिंह यादव बताया। तलाशी लेने पर उसके पास से पांच सौ के दस नोट निकले। सही से चेक करने पर नोट नकली निकले। उसके पास 3860 रुपये असली थे। पुलिस की पूछताछ में उसने बताया कि उसके साथ फरार हुआ युवक उसके गांव का ही विपिन है। जो दिल्ली से नकली नोट लेकर बदायूं आता है। 

60 प्रतिशत असली रुपये देकर नकली नोट लाते हैं। वह कई सालों से यही काम करता आ रहा है। वह गांव और छोटे कस्बों में जाता है। जहां आसानी से नकली नोट चल भी जाते हैं। विपिन उसे ज्यादा कमाई करने का लालच देकर पहली बार साथ में लाया था और पकड़ा गया। पुलिस ने पकड़े गए आरोपी के खिलाफ रिपोर्ट दर्ज की। फरार आरोपी विपिन की तलाश कर रही है। उसावां के थानाध्यक्ष रामेंद्र सिंह ने बताया कि नकली नोट के साथ पकड़े गए आरोपी के खिलाफ रिपोर्ट दर्ज करके उसे जेल भेजा गया है। उसके साथी का भी जल्द ही गिरफ्तार कर लिया जाएगा।

यह भी पढ़ें- बदायूं: झोपड़ी को लेकर विवाद, सास-बहू को सड़क पर गिराकर पीटा

संबंधित समाचार