पीलीभीत: ट्रैक्टर पर सवार होकर निकले भाकियू कार्यकर्ता, उठाई किसानों की समस्याएं...

Amrit Vichar Network
Published By Vikas Babu
On

पीलीभीत, अमृत विचार। भारतीय किसान यूनियन (भाकियू टिकैत गुट) के कार्यकर्ताओं ने शुक्रवार को राष्ट्रीय आवाहन पर ट्रैक्टर मार्च निकाला। पुलिस ने मंडी और कलेक्ट्रेट गेट पर रोकने का प्रयास किया, तो कार्यकर्ताओं की तीखी नोकझोंक हुई। हालांकि पुलिस को बैकफुट पर आना पड़ा।

कार्यकर्ता ट्रैक्टरों पर सवार होकर कलेक्ट्रेट पहुंचे और किसानों की समस्याओं का शीघ्र समाधान करने की मांग को लेकर डीएम को संबोधित ज्ञापन एसडीएम सदर देवेंद्र सिंह को सौंपा गया। ट्रैक्टर मार्च को लेकर पुलिस- प्रशासन की धड़कन बढ़ी रही। चप्पे-चप्पे पर सुबह से ही फोर्स तैनात रखा गया।

भाकियू जिलाध्यक्ष वेदप्रकाश शर्मा के नेतृत्व में शुक्रवार को बड़ी संख्या में कार्यकर्ता ट्रैक्टरों के साथ मंडी समिति परिसर में एकत्र हुए। वहां पहले पंचायत कर किसानों की समस्या को लेकर चर्चा की। जिसमें प्रशासन के प्रति रोष जताया गया। किसानों की महा पंचायत और ट्रैक्टर मार्च की सूचना पर बड़ी संख्या में फोर्स के मंडी में तैनात कर दिया गया।

पंचायत के बाद पदाधिकारियों ने मंडी समिति से कलेक्ट्रेट तक टैक्टर मार्च निकालने का ऐलान किया, तो पुलिस और प्रशासनिक अफसर सकते में आ गए। अधिकारी, ट्रैक्टर मार्च को मंडी रोकने का प्रयास करने लगे। इस पर कार्यकर्ताओं और पुलिस में झड़प शुरू हो गई। कार्यकर्ता ट्रैक्टर मार्च निकालने के लिए टनकपुर हाईवे पर पहुंच गए।

तभी पुलिस पीछे हट गई। कार्यकर्ता बड़ी संख्या में ट्रैक्टर मार्च नौगवां ओवरब्रिज से छतरी चौराहा गौहनिया चौराहा और नकटादाना चौराहा होते हुए कचहरी तिराहे पर पहुंचे। वहां अफसरों ने कलेक्ट्रेट परिसर में ट्रैक्टरों का प्रवेश रोकने के लिए बैरियर लगाकर फोर्स पहले ही तैनात कर दिया था। फिर यहां पर भी दोबारा पुलिस से नोकझोंक हुई। कार्यकर्ता नारेबाजी करते हुए ट्रैक्टर कलेक्ट्रेट परिसर में ले जाने की जिद पर अड़ गए।

अफसरों के हस्तक्षेप के बाद एक ट्रैक्टर को प्रवेश दे दिया गया। इससे कार्यकर्ता शांत हो गए और डीएम को संबोधित 16 सूत्रीय ज्ञापन एसडीएम सदर को सौंपकर मार्च खत्म कर दिया। इस मौके पर बरेली मंडल के मंडल अध्यक्ष सतविंदर सिंह काहलों, प्रदेश उपाध्यक्ष नागेंद्र सिंह, प्रदेश सचिव स्वराज सिंह समेत बड़ी संख्या में कार्यकर्ता और किसान मौजूद रहे।

यह भी पढ़ें- पीलीभीत: पारिवारिक कलह में दंपति ने विवाद, पत्नी को मारा चाकू...जानिए मामला

संबंधित समाचार