कांग्रेस एकजुट, चुनाव में अपनाया जायेगा कर्नाटक मॉडल- CM गहलोत

Amrit Vichar Network
Published By Vikas Babu
On

जयपुर। राजस्थान के मुख्यमंत्री अशोक गहलोत ने उनकी पार्टी में कोई मतभेद नहीं बताते हुए कहा है कि वे सब एकजुट है और सब एकराय होकर आगामी विधानसभा चुनाव लड़ेंगे और इसमें कर्नाटक मॉडल को अपनाया जायेगा। श्री गहलोत ने पॉलिटिकल अफेयर्स कमेटी की बैठक के बाद मीडिया से बातचीत में शुक्रवार को यहां यह बात कही।

उन्होंने कहा कि चुनाव में राजस्थान के अंदर भी कर्नाटक मॉडल को अपनाया जायेगा। उन्होंने कहा कि चुनाव के लिए उम्मीदवारों की चयन प्रक्रिया शीघ्र शुरु करके सितंबर के अंत या अक्टूबर के शुरु में प्रत्याशियों की एक सूची जारी करने के हमारे प्रयास है।

इसी रुप में आगे बढ़ा जायेगा और सबके एकराय एवं एकजुट होकर चुनाव लड़ा जायेगा। एक सवाल के जवाब में मुख्यमंत्री ने कहा “पार्टी में कोई मतभेद नहीं है। छोटे मोटे मतभेद कहां नहीं होते है, हम सब की मंशा है कि हमें विधानसभा चुनाव जीतना है, सरकार बनानी है। इसमें सबकी एकराय है और हम सब एकजुट होकर चुनाव लड़ेंगे। मतभेदों की बात को अनावश्यक रूप से फैलाने का प्रयास नहीं किए जाने चाहिए।

यह चुनाव राजस्थान का ही चुनाव नहीं है, यह चुनाव देश के भविष्य को लेकर है।” उन्होंने कहा कि पर्यवेक्षक 17 अगस्त को लोकसभा क्षेत्रों में एक साथ जायेंगे, वहां रुकेंगे और स्थानीय नेताओं और कार्यकर्ताओं के साथ बैठकें करेंगे। वे लगातार जिलों में आते रहेंगे और नेताओं एवं कार्यकर्ताओं के साथ बैठकें करेंगे।

इसी तरह तीनों सचिव अलग दैरे कर रहे है, उनकी अलग भमिका है। श्री गहलोत ने कहा कि प्रदेश प्रभारी सुखजिंद्र सिंह रंधावा के सानिध्य में बैठक होगी और पीसीसी सदस्यों को जिम्मेदारी दी जायेगी। क्षेत्रों में वहां के नेता क्या सोचते है, सबकी राय लेकर शार्ट लिस्ट करने के प्रयास किए जायेंगे।

एक अन्य सवाल पर श्री गहलोत ने कहा कि उनका व्यक्तिगत विचार है कि चुनाव आयोग की साख के लिए जरूरी है कि चुनाव आयुक्त की नियुक्ति के लिए चयन समिति में देश के मुख्य न्यायाधीश शामिल हों। समिति से मुख्य न्यायाधीश का नाम क्यों हटा दिया गया और एक मंत्री को प्रधानमंत्री नॉमिनेट करेंगे, तो फिर चुनाव आयोग के मायने क्या रह जाएंगे। उन्होंने कहा कि जो नया कानून आया है, उसमें मुख्य न्यायाधीश का नाम हटा दिया गया है, इससे संदेह पैदा होता है और उच्चत्तम न्यायालय की जो भावना थी, उसकी धज्जियां उड़ाई जा रही है।

यह भी पढ़ें- अगर यह साबित हो जाए कि मैंने कमीशन लिया है, तो राजनीति से संन्यास ले लूंगा : उपमुख्यमंत्री शिवकुमार 

संबंधित समाचार