Sultanpur Advocate Murder Case: हिस्ट्रीशीटर के घर पर गरजा बुलडोजर, तोड़ा गया गेट
सुलतानपुर, अमृत विचार। बहुचर्चित अधिवक्ता आजाद हत्याकांड के मामले में 50 हजार के इनामी हिस्ट्रीशीटर सिराज अहमद उर्फ पप्पू के घर पर शनिवार को बुलडोजर चला। पीडब्ल्यूडी के अधीन सड़क के किनारे का ढांचा (गेट) तोड़ता हुआ देख मौके पर हड़कंप मच गया। लोगों में भगदड़ की स्थिति देखी गई है। मौके पर कोतवाली नगर व देहात थाने के एसएचओ के साथ बड़ी संख्या में सुरक्षा बल तैनात रहा।
बीते रविवार को कोतवाली देहात थाना क्षेत्र के भुलकी चौराहे के निकट अधिवक्ता आजाद की गोली मारकर हत्या कर दी गई थी। इसमें उसका भाई मुनव्वर गंभीर रूप से घायल हुआ था। इलाज के लिए उसे लखनऊ ट्रामा सेंटर भेजा गया है। हिस्ट्रीशीटर सिराज अहमद पर हत्या का आरोप लगा था।

मृतक आजाद के मौसा-मौसी ने हत्या कराने की साजिश रची थी, जिसके तत्काल बाद उन्हें गिरफ्तार कर लिया गया। अभी तक मौसा मौसी समेत सात हत्यारोपियों को गिरफ्तार कर अदालत के जरिए हवालात भेजा जा चुका है। मुख्य आरोपी हिस्ट्रीशीटर सिराज अहमद पुलिस की पकड़ से दूर है। इसे लेकर अधिवक्ताओं में गहरा रोष है। बार एसोसिएशन की ओर से हड़ताल कर आंदोलन जारी है।
हिस्ट्रीशीटर सिराज अहमद पर 50 हजार का इनाम घोषित किया गया है। इसके साथ ही नामजद आरोपी प्रिंस फरार चल रहा है। पूरे मामले में शनिवार दोपहर बुलडोजर लेकर एसडीएम सदर सीपी पाठक और नगर कोतवाल राम आशीष उपाध्याय, सुरक्षा व्यवस्था के मद्देनजर बड़ी संख्या में पुलिस के साथ सिराज के घर पहुंचे।
बुलडोजर ने सड़क के किनारे का पूरा ढांचा क्रम से गिराना शुरू कर दिया है। ढांचा गिरता देख मौके पर भगदड़ की स्थिति देखी जा रही है। पूरा मामला कोतवाली देहात और नगर कोतवाली के बीच स्थित प्यारपट्टी गांव जो कि हिस्ट्रीशीटर सिराज अहमद का पैतृक गांव है से जुड़ा हुआ है।
82 की नोटिस चस्पा
नगर कोतवाल राम आशीष उपाध्याय ने बताया कि हिस्ट्रीशीटर के अवैध ढांचे को बुलडोजर से गिरा दिया गया है। आवास पर धारा 82 की नोटिस भी चस्पा कर दी गई है। 50,000 का इनामी बदमाश सिराज अहमद और उसके सहयोगी प्रिंस को ढूंढने के लिए पुलिस सक्रियता से जुटी हुई है। पुलिस जल्द ही अन्य आवश्यक कार्रवाई करेगी।
यह भी पढ़ें;-बहराइच: पांच माह तक फूफा ने किशोरी संग किया दुष्कर्म, हुई गर्भवती तो खुली पोल, माता-पिता की हो चुकी है मौत
