छत्तीसगढ़ में पहली बार स्वतंत्रता दिवस समारोह में महिला पुलिसकर्मियों का बैगपाइपर बैंड करेगा प्रदर्शन

Amrit Vichar Network
Edited By Amrit Vichar
On

रायपुर। छत्तीसगढ़ पहली बार महिला पुलिसकर्मियों का एक बैगपाइपर बैंड स्वतंत्रता दिवस समारोह में प्रदर्शन करेगा। पुलिस अधिकारियों ने शनिवार को यह जानकारी दी। यहां पुलिस परेड मैदान में 15 अगस्त को स्वतंत्रता दिवस समारोह के दौरान बैगपाइपर बैंड के प्रदर्शन की तैयारी जोरों पर चल रही है।

पुलिस अधिकारियों ने बताया कि छत्तीसगढ़ के वरिष्ठ पुलिस अधिकारियों की विशेष पहल पर बनाए गए बैगपाइपर बैंड में महासमुंद में तैनात 20वीं बटालियन सीएएफ (छत्तीसगढ़ सशस्त्र बल) की 35 महिला पुलिसकर्मी शामिल हैं। उन्होंने बताया कि बैंड के सदस्यों को बैगपाइप बजाने के लिए चंडीगढ़ के पंचकुला में एक महीने का विशेष प्रशिक्षण दिया गया है।

रायपुर के वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक (एसएसपी) प्रशांत अग्रवाल ने बताया कि इस वर्ष यहां स्वतंत्रता दिवस समारोह में एक नया कार्यक्रम शामिल किया गया है। अग्रवाल ने बताया, ''स्वतंत्रता दिवस समारोह के अवसर पर पुलिस परेड मैदान में एक महिला बैगपाइपर बैंड अपनी विशेष प्रस्तुति देगा। इस बैंड में 20वीं बटालियन सीएएफ महासमुंद की 35 महिला पुलिसकर्मी शामिल हैं।''

ये भी पढ़ें- छत्तीसगढ़: नकली इनपुट टैक्स क्रेडिट प्राप्त करने के आरोप में व्यापारी गिरफ्तार