Kanpur News: CSJM में हो सकेंगे BCCI के घरेलू मैच, UPPCL को टेंडर जारी, 10 हजार दर्शकों के बैठने की होगी क्षमता

Amrit Vichar Network
Edited By Amrit Vichar
On

कानपुर के सीएसजेएमयू में हो सकेंगे बीसीसीआई के घरेलू मैच।

कानपुर के सीएसजेएमयू में बीसीसीआई के घरेलू मैच हो सकेंगे। यूपीपीसीएल को टेंडर जारी हो चुका। वहीं, पहले चरण में 35 करोड़ से कार्य होंगे।

कानपुर, अमृत विचार। छत्रपति शाहू जी महाराज विश्वविद्यालय (सीएसजेएमयू) में भविष्य में बीसीसीआई के घरेलू मैच हो सकते हैं। यहां बने क्रिकेट स्टेडियम को बीसीसीआई के मानक के अनुरूप बनाने की तैयारी है, जिसमें 10 हजार दर्शकों के बैठने की क्षमता रहेगी। पवेलियन, गैलरी, वीवीआईपी, वीआईपी और सामान्य सीटें होंगी। इसके लिए यूपीपीसीएल को टेंडर जारी हो गए हैं। पहले चरण में 35 करोड़ रुपये से कार्य किए जाएंगे। विश्वविद्यालय के स्पोर्ट्स फंड के 200 करोड़ रुपये से कई और खेलों के मैदान विकसित किए जाएंगे।

सीएसजेएमयू में पहले चरण में नौ तरह के खेलों के आधारभूत ढांचे को विकसित किया जा रहा है, जिसमें इंडोर और आउटडोर खेल शामिल हैं। स्टेडियम में एलईडी स्क्रिन के साथ ही आटोमेटिक स्कोर बोर्ड रहेगा, जबकि अंतरराष्ट्रीय स्टेडियम की तरह मीडिया सेंटर बनाया जाएगा। खिलाड़ियों के लिए अलग ड्रेसिंग रूम बनेगा।

खिलाड़ियों के लिए तैयार होगी नर्सरी

सीएसजेएमयू में खेलों को बढ़ावा देने के लिए खेल नर्सरी और अकादमी तैयार की जाएगी, जहां छात्र-छात्राएं न सिर्फ खेलों की बारीकियां सीखेंगे, बल्कि खेल प्रतिभा को निखार सकेंगे।  क्रिकेट के साथ ही एस्ट्रोटर्फ युक्त लॉन टेनिस कोर्ट, स्केटिंग रिंग, फुटबॉल मैदान, बैडमिंटन कोर्ट आदि तैयार किए जाएंगे। इनडोर खेलों के लिए मल्टीपर्पज हॉल तैयार होगा।

 160 गुणे 142 मीटर का होगा क्रिकेट ग्राउंड

सीएसजेएमयू के क्रीड़ा सचिव आशीष कटियार ने बताया की क्रिकेट के अलावा कई अन्य खेलों के लिए इंफ्रास्ट्रक्चर तैयार किया जा रहा है। पहले चरण में 35 करोड़ रुपये से कार्य हो रहे हैं। इससे खेलों के साथ ही खिलाड़ियों को फायदा मिलेगा। क्रिकेट ग्राउंड 160 गुणे 142 मीटर का रहेगा, जबकि फुटबॉल का मैदान 125 गुणे 85 मीटर, हॉकी का 55 गुणे 91.4 मीटर रहेगा।

संबंधित समाचार