लखनऊ में तेज बारिश, ऑफिस टाइम होने से लग रहा जाम
लखनऊ, अमृत विचार। राजधानी में तकरीबन एक घंटे से तेज बारिश हो रही है। इससे तापमान में कुछ राहत मिली है। मौसम विभाग ने दो दिन के लिए प्रदेश के कई जिलों में मध्यम से तेज बारिश का अंदेशा जताया है। शुक्रवार को राजधानी में हुई बारिश के चलते कई जगह जाम लग गया है। सुबह 9 बजे के बाद से ऑफिस जाने वाले लोगों को इसके चलते खासी परेशानी उठानी पड़ी। लोरेटो चौराहा, केकेसी तिराहा, विधानसभा मार्ग, समेत कई मुख्य रास्तों पर ट्रैफिक बेहद धीमी गति से चल रहा है।
वहीं रेलयात्रा कर दूसरे शहरों से आने वाले यात्री भी चारबाग रेलवे स्टेशन पर फंसे रहे। एक दैनिक यात्री ने बताया की वो पिछले 40 मिनट से स्टेशन पर बारिश रुकने का इंतजार कर रहे हैं। बारिश के चलते कई सरकारी कर्मी भी अपने दफ्तरों में देर से पहुँचने की बात कह रहे हैं। मौसम विभाग के अनुसार दक्षिणी पश्चिमी मानसून का असर अगस्त माह के आख़िरी हफ्ते तक रहेगा। इसके चलते प्रदेश के कई इलाकों में बारिश का सिलसिला जारी रहेगा। जबकि तापमान में कोई ज्यादा गिरावट नहीं आएगी।
ये भी पढ़ें -लखनऊ: मॉडल शॉप में नौकरी के लिए लगवा रहे सिफारिश, जानें वजह
