उप मुख्यमंत्री केशव प्रसाद मौर्य ने कहा- प्रदेश में जिला पंचायत अध्यक्ष और ब्लॉक प्रमुख का चुनाव सीधे जनता के द्वारा होगा

Amrit Vichar Network
Published By Bhawna
On

अगले चुनाव से ही प्रदेश सरकार इसे लागू करने का मन बना रही है-उप मुख्यमंत्री, हर शुक्रवार को ग्राम चौपाल में शामिल हों ब्लॉक प्रमुख, गांवों की समस्या का गांव में ही हो समाधान

सतपाल सैनी विधान परिषद सदस्य, जिलाध्यक्ष राजपाल सिंह चौहान, महानगर अध्यक्ष धर्मेंद्र नाथ मिश्रा आदि मौजूद हैं।

मुरादाबाद, अमृत विचार। देश में हर शुक्रवार को ग्राम चौपाल ग्राम की समस्या गांव में समाधान योजना को सफल बनाएं। ब्लॉक प्रमुख ग्राम चौपाल में अवश्य शामिल होने का प्रयास करें। उप मुख्यमंत्री ने कहा कि आने वाले समय में भ्रष्टाचार मुक्त पंचायती राज व्यवस्था करना है। उन्होंने स्वीकार किया कि ब्लॉक प्रमुख के चुनाव में अनैतिक हथकंडे अपनाए जाते हैं। इसलिए अगला चुनाव सीधे जनता से होगा। इसलिए ब्लॉक प्रमुख सीधे जनता के संपर्क में रहें।

उप मुख्यमंत्री केशव प्रसाद मौर्य शुक्रवार को पंचायत भवन सभागार में मंडल के ब्लॉक प्रमुखों, खंड विकास अधिकारियों से संवाद कर रहे थे। उन्होंने कहा कि ग्राम सभा में पांच करोड़ रुपये मिलता है। इससे विकास होना चाहिए। जनता ग्राम प्रधान को जानती है लेकिन ब्लॉक प्रमुख को क्यों नहीं। यह सोचना होगा। उप मुख्यमंत्री ने कहा कि मुरादाबाद मंडल में 39 विकास खंड हैं। हर ग्राम में एक साल में हुए विकास कार्य की बीडीओ सूची बनाएं और इसका डिस्प्ले कराएं। ग्राम पंचायत के विकास का मास्टर प्लान तैयार करना चाहिए।

उप मुख्यमंत्री ने कहा कि मनरेगा के अन्तर्गत मजदूर न मिलने की समस्या है। आईडी जनरेट न होने की अड़चन को दूर करने के लिए कहा। उप मुख्यमंत्री ने दो टूक कहा कि तालाब और सार्वजनिक स्थानों से कब्जे हटवाएं। माफिया को छोड़ना नहीं है, शरीफ को छेड़ना नहीं है। सार्वजनिक उपयोग की जमीन किसी के कब्जे में नहीं होनी चाहिए। इसे हर हाल में हटवाना होगा। उन्होंने कहा कि ब्लॉक प्रमुख और बीडीओ के मध्य संवादहीनता नहीं होनी चाहिए। इसे दूर करने के लिए हर महीने जिला स्तर पर बैठक कराएं। पंचायत सेक्रेट्री और ग्राम प्रधान और क्षेत्र पंचायत सदस्य में समन्वय स्थापित करना है। बैठक की कार्यवाही रजिस्टर में लिखा जाना चाहिए। जो समस्या जिस स्तर पर समाधान हो सके उसे हर हाल में कराना होगा। गांवों की निधियों का सही इस्तेमाल कर गांवों का कायाकल्प करने की जरूरत है।

उप मुख्यमंत्री केशव प्रसाद मौर्य ने कहा कि अपने क्षेत्र पंचायत स्तर पर विकास का माडल तय करें। गांवों के विकास का रोडमैप तैयार करें। सरकार की मंशा अविश्वास प्रस्ताव की नहीं हैं। उन्होंने कहा कि सभी मिलकर विकास को प्राथमिकता दें। उन्होंने कहा कि नाली नाले, चकरोड, सड़क को कब्जामुक्त कराएं। संवाद कार्यक्रम में विधान परिषद सदस्य सतपाल सैनी, जिला पंचायत अध्यक्ष डॉ. शेफाली सिंह, विधान परिषद सदस्य गोपाल अंजान, मंडलायुक्त आन्जनेय कुमार सिंह, भाजपा जिलाध्यक्ष राजपाल सिंह चौहान, महानगर अध्यक्ष धर्मेंद्र नाथ मिश्रा, जिलाधिकारी शैलेंद्र कुमार सिंह, मुख्य विकास अधिकारी सुमित यादव के अलावा अन्य जिला स्तरीय अधिकारी और मंडल के अन्य जिलों से आए मुख्य विकास अधिकारी आदि मौजूद रहे।

ब्लॉक प्रमुखों ने गिनाई समस्याएं, दिए सुझाव
उप मुख्यमंत्री के साथ संवाद में छजलैट के ब्लॉक प्रमुख ने कहा कि सफाई कर्मचारी को हटाने का अधिकार भी नहीं हैं। लापरवाह कर्मचारियों को हटाने, ट्रांसफर का अधिकार प्रमुख को मिले। इस पर उप मुख्यमंत्री ने कहा कि सफाई कर्मचारियों में बड़ी संख्या काम न करने वालों की है। इसकी जिला स्तर पर समीक्षा कर व्यवस्था बनाएं। कहा कि गांव में स्वच्छता अभियान चलाएं। यह केवल फोटोसेशन न बने।

ब्लॉक प्रमुख मूंढापांडे डॉ. नवदीप यादव ने कहा कि क्षेत्र पंचायत में मनरेगा का कार्य हो। जलजीवन मिशन के अन्तर्गत हर घर नल योजना की एनओसी ब्लॉक से ली जाए। उप मुख्यमंत्री ने कहा कि संबंधित कंपनी 10 साल तक उसका अनुरक्षण करेगी।ब्लॉक प्रमुख ठाकुरद्वारा ने मनरेगा आईडी को जेनरेट कराने में सहूलियत कराने के लिए आदेश करने का सुझाव दिया। उप मुख्यमंत्री ने मुख्य विकास अधिकारी से इसका समाधान करने के लिए कहा। सीडीओ ने कहा कि पुराना भुगतान प्राथमिकता पर करा रहे हैं। उन्होंने कहा कि 2047 तक भाजपा की सरकार रहेगी।

ब्लॉक प्रमुख मिलक रामपुर ने मनरेगा में जेई के माध्यम से एस्टीमेट बनाने का सुझाव दिया। उप मुख्यमंत्री ने इस पर सहमति जताई। कहा कि इसे योजनाबद्ध तरीके से करना होगा। निचले स्तर तक सुधार करना होगा।संभल के ब्लॉक प्रमुख हृदयेश ने कहा कि मंदिर या अन्य सार्वजनिक जगह पर हैंडपंप को रिबोर कराने के लिए बीडीओ को कहने पर सुनवाई नहीं होती। उप मुख्यमंत्री ने कहा कि बीडीओ न सुनें तो बड़े अधिकारियों से कहें।उज्जवल कुमार चौहान ब्लॉक प्रमुख बिजनौर ने कहा कि पाइपलाइन डालने के कार्य के बाद सड़क तोड़कर छोड़ दिया गया है। कई गांवों में 8-9 महीने से सड़क टूटी है। उप मुख्यमंत्री ने कहा कि कार्यदायी संस्था को सड़क बनाकर देना है। यह अधिकारी सुनिश्चित कराएं।

अमरोहा जिले के ब्लॉक प्रमुख राजेंद्र सिंह खड़गवंशी ने कहा कि ब्लॉक प्रमुख को विकास कार्यों में सक्रिय भागीदारी मिले। संतोष कुमार सिंह ब्लॉक प्रमुख भगतपुर टांडा ने कहा कि क्षेत्र पंचायत की बैठक में अधिकारी जिले से नहीं आते। उप मुख्यमंत्री ने कहा कि अधिकारी बैठक में अवश्य जाएं। उन्होंने मुख्यमंत्री सामूहिक विवाह में धांधली की शिकायत कर इसमें पारदर्शिता लाने का सुझाव दिया। उप मुख्यमंत्री ने मंडलायुक्त से इसकी जांच कराने के लिए कहा। विकास राजपूत ब्लॉक प्रमुख कोतवाली बिजनौर ने ठेकेदारों की मनमानी का मुद्दा उठाया। इस पर मुख्यमंत्री ने कहा ठेकेदारों की मनमानी हर हाल में रुकेगी। अधिकारी जिले स्तर पर बैठक कर समस्याओं का समाधान कराएं।

ये भी पढ़ें : मुरादाबाद : डेंगू को देखते हुए चिकित्सक रहें सतर्क, केंद्रों पर पर्याप्त दवा रखें...डीएम ने दिए निर्देश

संबंधित समाचार