मुरादाबाद : '2024 के लोकसभा चुनाव में भाजपा के सामने विपक्ष की कोई चुनौती नहीं'

Amrit Vichar Network
Published By Bhawna
On

देश के मतदाता तीसरी बार नरेंद्र मोदी को प्रधानमंत्री बनाने का ले चुके हैं संकल्प गुलाम नबी आजाद भूतपूर्व हिंदू, हम लोग अभूतपूर्व हिंदू

मुरादाबाद, अमृत विचार। प्रदेश के उप मुख्यमंत्री केशव प्रसाद मौर्य ने दावा किया कि 2024 के लोकसभा चुनाव में विपक्ष की कोई चुनौती भाजपा के सामने नहीं है। देश के मतदाता तीसरी बार नरेंद्र मोदी को प्रधानमंत्री बनाने का संकल्प ले चुके हैं।

उप मुख्यमंत्री शुक्रवार को पंचायत भवन सभागार में मंडल के ब्लॉक प्रमुखों, बीडीओ और अधिकारियों से संवाद के बाद मीडिया कर्मियों से बातचीत कर रहे थे। उन्होंने गुलाम नबी आजाद के बयान पर कहा कि वह भूतपूर्व हिंदू हैं और हमलोग अभूतपूर्व हिंदू हैं। उन्होंने कहा कि 2024 में लोकसभा का चुनाव 24 कैरेट का होगा।

मुरादाबाद दंगे की रिपोर्ट के राजनीतिक लाभ के सवाल पर उप मुख्यमंत्री ने कहा कि सदन में दंगे की रिपोर्ट पेश कर सार्वजनिक कर दी गई है। इस पर अब तक राजनीति हुई थी। सरकार ने सच को सबके सामने ला दिया है। समाजवादी पार्टी के राष्ट्रीय अध्यक्ष अखिलेश यादव के लोकसभा चुनाव में दावे पर तंज कसा। कहा कि वह केवल बयान वीर हैं, उन्हें गंभीरता से लेने की जरूरत नहीं है।

भाजपा के विपक्ष के गठबंधन से डरने के सवाल के जवाब में उप मुख्यमंत्री ने कहा कि डरने वालों ने ही गठबंधन बनाया है। हमें किसी का डर या भय नहीं। हम जनता के बूते तीसरी बार नरेंद्र मोदी के नेतृत्व में देश में सरकार बनाएंगे। कांग्रेस के द्वारा अजय राय को प्रदेश अध्यक्ष बनाने से प्रदेश की राजनीति पर असर के सवाल पर कहा कि कांग्रेस किसी को कुछ भी बना ले कोई फायदा नहीं होने वाला। कांग्रेस मुक्त भारत बन रहा है और बनकर रहेगा।

उप मुख्यमंत्री ने कहा कि प्रदेश सरकार ने गो आश्रय स्थल बनाए हैं। यहां निराश्रित गोवंश को रखा जाए। पशुपालक जिन गायों का दूध पीकर या उसके उत्पाद खाकर बड़े हुए हैं अब उन गोवंश के दूध देना बंद करने पर उसे रात के अंधेरे में लावारिश न छोड़ दें। दिन के उजाले में गो आश्रय स्थल में लाकर छोड़ें। जहां उसकी सही तरीके से देखभाल सुनिश्चित होनी चाहिए। सरकार प्रदेश में कहीं भी गोवंश का कत्लखाने नहीं चलने देगी।

ये भी पढ़ें : उप मुख्यमंत्री केशव प्रसाद मौर्य ने कहा- आने वाले समय में भ्रष्टाचार मुक्त पंचायती राज व्यवस्था करना है

संबंधित समाचार