अयोध्या: मणि पर्वत पर कल झूलेंगे विभिन्न मठ-मंदिर के विग्रह, मेले की तैयारी पूरी

Amrit Vichar Network
Published By Deepak Mishra
On

कड़ी सुरक्षा व्यवस्था के बीच मंदिरों से निकलेगी शोभायात्रा, इसी के साथ रामनगरी में दिखेगा झूलनोत्सव का उल्लास

अयोध्या, अमृत विचार। अयोध्या के ऐतिहासिक सावन झूला मेला के दौरान मणि पर्वत मेले से शनिवार को झूलनोत्सव की विधिवत शुरुआत होगी। विभिन्न मठ-मंदिरों के विग्रह शोभायात्रा के साथ मणि पर्वत पहुंच झूला झूलेंगे और इसी के साथ रामनगरी के सभी मठ-मंदिरों में झूलनोत्सव की विधिवत शुरुआत हो जाएगी। हालांकि कुछ मंदिरों में सावन माह के पहले दिन से ही झूलनोत्सव चल रहा है। श्रद्धालुओं की आमद को देखते हुए जिला व पुलिस प्रशासन की ओर से सुरक्षा सहित अन्य व्यवस्थाओं को चाक-चौबंद किया गया है। 
     
गौरतलब है कि रामनगरी के ऐतिहासिक झूलनोत्सव की शुरुआत मणि पर्वत मेले से होती है। झूलनोत्सव के विधिवत आगाज के लिए विभिन्न मठ-मंदिरों से विग्रह और गाजे-बाजे के साथ शोभायात्रा निकाली जाती है। मणि पर्वत पहुंच सभी मंदिरों के विग्रह झूला झूलते हैं और फिर वापस अपने मंदिर पहुंच झूले पर विराजमान हो जाते हैं। 

06

श्रद्धालुओं की सुरक्षा व व्यवस्था को लेकर पुलिस प्रशासन की ओर से चाक चौबंद व्यवस्था का दावा किया गया है। एसएसपी राजकरण नय्यर ने बताया कि सावन झूला मेला और मणि पर्वत मेले को लेकर सुरक्षा व्यवस्था को लेकर व्यापक इंतजाम किए गए हैं। जोन के अन्य जनपदों और मुख्यालय से अतिरिक्त पुलिस बल के साथ आरएएफ की दो कंपनियां मिली हैं। अन्य सुरक्षा एजेंसियों को भी सक्रिय किया गया है। 

कड़ी सुरक्षा के बीच मंदिरों से निकलती है रथ यात्रा 
मणि पर्वत पर झूला पड़ने के साथ अयोध्या के सभी मठ-मंदिरों में राम सीता के विग्रहों को झूले पर विराजमान कराया जाएगा। परंपरा यह है कि सैकड़ों मंदिरों से राम-सीता के विग्रह को कड़ी सुरक्षा व्यवस्था के बीच रथ यात्रा के माध्यम से मणि पर्वत पर लाया जाता है और यहां पर पड़ने वाले झूलों पर विराजमान कराकर झूला झुलाया जाता है। इसे देखने के लिए भारी संख्या में श्रद्धालु पहुंचते हैं। 

मणि महोत्सव के तहत होंगे सांस्कृतिक कार्यक्रम    
इस बार साधु-संतों के नेतृत्व में नगर निगम की ओर से मणि महोत्सव का आयोजन किया जा रहा है, जिसके तहत मणि पर्वत क्षेत्र में जनपद के अलावा बनारस और लखनऊ के कलाकार भजन की प्रस्तुति देंगे। वहीं संतों की ओर से प्रवचन होगा।

महापौर गिरीश पति त्रिपाठी व नगर आयुक्त विशाल सिंह ने बताया कि सावन शुक्ल पक्ष तृतीया पर निगम की ओर से  मणि महोत्सव का आयोजन किया जा रहा है। जिसके तहत सांस्कृतिक संध्या आयोजन होगी। नगर आयुक्त ने बताया कि अयोध्या के सभी मठ मंदिरों में साफ सफाई व्यवस्था, पेयजल व्यवस्था आदि व्यवस्थाओं को दुरुस्त कराया गया है।

ये भी पढ़ें -अयोध्या : शाहबाजपुर में विधायक ने किया हर घर जल योजना का शुभारंभ

संबंधित समाचार