मुरादाबाद: सपा के गढ़ में मंडल में सभी सीटों पर कमल खिलाने का दावा
प्रदेश की 80 में 80 सीटों पर जीत के लिए जुटने को उप मुख्यमंत्री केशव प्रसाद मौर्य ने भरा जोश
विनोद श्रीवास्तव, मुरादाबाद, अमृत विचार। समाजवादी पार्टी का गढ़ माने जाने वाले मुरादाबाद मंडल में केशव ने जीत की हुंकार भरी। उन्होंने मंडल की सभी सीटों पर 2024 के लोकसभा चुनाव में कमल खिलाने का बड़ा दावा कर सपा के खेमे में हलचल मचा दी। कहा कि मुरादाबाद के अलावा मंडल के अन्य जिलों की सीटों पर भी इस बार भाजपा के प्रत्याशियों की जीत होगी। नरेंद्र मोदी तीसरी बार प्रधानमंत्री बनेंगे। जिसमें प्रदेश की 80 सीटें भाजपा की झोली में होगी।
अब जबकि लोकसभा चुनाव में एक साल से भी कम समय बचा है। राजनीतिक दल अपनी जीत पक्की करने का दावा कर रहे हैं। उप मुख्यमंत्री केशव प्रसाद मौर्य ने अपने दौरे में सर्किट हाउस और पंचायत भवन सभागार में अगले साल होने वाले लोकसभा चुनाव को केंद्रित रखा। सार्वजनिक स्थानों को कब्जा मुक्त कराने, गो-आश्रय स्थलों में गोवंश की देखभाल, सरकार के द्वारा गोवंश का कत्लखाना न चलने के सख्त लहजे के बीच प्रदेश की 80 सीटों पर जीत का ताना बाना बुनने में वह लगे रहे।
पिछले लोकसभा चुनाव में मंडल की हारी सीटों पर जीत का दावा कर वह विरोधियों की नींद उड़ा गए। हालांकि उन्हें इस बात का अंदेशा भी है कि भाजपाइयों में जोश के बिना यह संभव नहीं है। इसलिए उप मुख्यमंत्री ने आगामी लोकसभा चुनाव में पार्टियों की चुनौती को सिरे से खारिज कर समाजवादी पार्टी को समाप्तवादी पार्टी, कांग्रेस को डूबता जहाज, बसपा को भी खत्म पार्टी करार देकर सिर्फ भाजपा और नरेंद्र मोदी को आगे रखा।
मुरादाबाद दंगे की सदन में रिपोर्ट पेश कर विरोधी पार्टियों खासकर समाजवादी पार्टी के राजनीतिक तीर की काट को भी उन्होंने इशारे में बता दिया। सर्किट हाउस में उप मुख्यमंत्री ने पार्टी के जन प्रतिनिधियों और पदाधिकारियों में जोश भरा तो पंचायत भवन में ब्लॉक प्रमुखों, खंड विकास अधिकारियों और मंडल और जिला स्तरीय अधिकारियों को भी विकास के पायदान पर प्रदेश को शीर्ष पर पहुंचाने की बात कहकर साधा। कहा कि अधिकारियों को योजनाओं की सत्यता की परख भी करनी है और पात्रों को योजनाओं का लाभ भी दिलाना है।
उप मुख्यमंत्री ने अधिकारियों की महत्ता बढ़ाते हुए कहा कि इस सोच के साथ काम करें कि जनता अपनी शिकायत लेकर जिस विश्वास के साथ जन प्रतिनिधि के पास जाती है। उसी भरोसे के साथ वह अधिकारियों के पास आए कि यहां भी उनका काम उसी आसानी से होगा। अधिकारियों को सरकार की अहम कड़ी बताकर मुख्यमंत्री ने उनसे और बेहतर करने का वादा भी करा लिया।
ब्लॉक प्रमुखों और बीडीओ में संवादहीनता खत्म कराने में रहा जोर
उप मुख्यमंत्री ने पंचायत भवन सभागार में ब्लॉक प्रमुखों और बीडीओ से संवाद के दौरान दोनों में संवादहीनता खत्म कराने पर जोर दिया। कहा कि दोनों शासन और सरकार की अहम धुरी हैं। दोनों के समन्वय से ही ग्राम, क्षेत्र पंचायत स्तर पर योजनाओं को फलीभूत होना है। इसलिए इसमें गतिरोध नहीं होना चाहिए। यह ठीक चले तो सरकार का प्रदर्शन ठीक रहेगा।
ये भी पढ़ें:- मुरादाबाद : '2024 के लोकसभा चुनाव में भाजपा के सामने विपक्ष की कोई चुनौती नहीं'
