UP T-20 League: UPCA ने सुरेश रैना को लीग का बनाया ब्रांड एम्बेस्डर, यह लोगो भी हुआ लांच, यहां लें- पूरी जानकारी
सुरेश रैना बने यूपी टी-20 लीग के ब्रांड एम्बेस्डर।
कानपुर के ग्रीनपार्क स्टेडियम में 30 अगस्त से शुरू होने वाली यूपी टी-20 लीग के लिए क्रिकेटर सुरेश रैना को यूपीसीए ने ब्रांड एम्बेस्डर बनाया है। लीग को अलग पहचान देने वाला लोगो भी लांच कर दिया गया।
कानपुर, अमृत विचार। ग्रीनपार्क स्टेडियम में 30 अगस्त से शुरू होने वाली यूपी टी-20 लीग के लिए क्रिकेटर सुरेश रैना को यूपीसीए ने ब्रांड एम्बेस्डर बनाया है। लीग को अलग पहचान देने वाला लोगो भी लांच कर दिया गया। लीग में शामिल होने वाली छह टीमों की नीलामी होने के बाद 20 अगस्त को लखनऊ में खिलाडियों व कोच का चयन होना तय हुआ है।
यूपी लीग का मैनेजमेंट संभालने वाली कंपनी परफेक्ट पिच इवेंट एंड स्पोर्ट्स प्रा.लि. के रचित कनौजिया ने बताया कि टी-20 लीग का आधिकारिक लोगो लांच कर दिया गया है, जिसके नाम से ही सोशल मीडिया के विभिन्न प्लेटफार्म पर प्रमोशन और पोस्ट आदि के साथ सूचनाओं का आदान प्रदान किया जाएगा। इसकी आईडी भी बनायी गयी है जिससे इसकी पूरी जानकारी लोगों को एक क्लिक में मिल सके। वहीं लीग कराए जाने की तैयारियां अंतिम चरण में हैं।
ओपनिंग व क्लोजिंग सेरेमनी में मुख्य अतिथि कौन होगा। कौन-कौन मेहमान और कलाकार इस लीग को चार चांद लगाने के लिए बुलाए जाएंगे यह तय नहीं हो सका है। क्रिकेट प्रेमियों के बीच में सूबे के मुखिया मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ के आने की हलचल है। सूत्रों के अनुसार यूपीसीए 30 अगस्त या फिर 16 सितम्बर को लीग के समापन समारोह में पुरस्कार वितरण के लिए इन्हें बुला सकता है।
33 मुकाबलों के लिए तैयारियां तेज
यूपी टी-20 लीग में होने वाले कुल 33 मुकाबलों के लिए ग्रीन पार्क में तैयारियों को तेज कर दिया गया है। प्रति दिन दो मैच खेले जाने हैं। जिसको देखते हुये दर्शक और खिलाड़ियों को किसी प्रकार की कोई दिक्कत ना हो इसलिए मैदान से लेकर स्टेडियम के कमरों और वाशरूम तक में काम शुरु कर दिया गया है।
शुक्रवार को हर कमरे का एसी चेक किया गया। खराब को बदला गया। मैदान और अन्य स्थानों पर लगाने के लिए पंखों को मंगाया गया है। साख-सज्जा के सामानों को भी मंगाया जा रहा है। सुरक्षा व्यवस्था को टाइट किया गया है। आने जाने वालों को यहां के गार्डों के द्वारा चेक किया जा रहा है। स्टेडियम के आसपास और अंदर बिजली के तारों पर पेंड़ों की झूलती टहनियों की ट्रिमिंग की गई।
