कानपुर के हैलट अस्पताल में आने वालों के लिए अच्छी खबर, मरीज, तीमारदार और जूनियर डॉक्टर अब करेंगे फील गुड
कानपुर के हैलट अस्पताल में आने वालों के लिए अच्छी खबर।
कानपुर के हैलट अस्पताल में आने वालों के लिए अच्छी खबर। मरीज, तीमारदार और जूनियर डॉक्टर अब फील गुड करेंगे।
कानपुर, अमृत विचार। हैलट अस्पताल में मरीजों व तीमारदारों को बैठने में दिक्कत न हो, इसलिए परिसर में 9.5 करोड़ रुपये से एसी ऑडिटोरियल बनेगा। साथ ही सर्जरी की बारीकियां सिखाने के लिए स्मार्ट क्लास भी बनेगी ताकि प्रशिक्षित जूनियर डॉक्टरों को सर्जरी करने में दिक्कत न हो।
हैलट अस्पताल परिसर में अभी मरीजों को वार्ड के पास गैलरी में बैठना पड़ता है, जिस वजह से स्ट्रेचर या ई-एंबुलेंस से मरीज को वार्ड तक ले जाने में दिक्कत होती है। कई बार गैलरी की सफाई करने के दौरान कर्मचारियों की तीमारदारों से झड़प तक हो जाती है। किसी अधिकारी या मंत्री के आने पर तो मरीज के साथ मौजूद तीमारदारों को गैलरी में बैठने तक नहीं दिया जाता है। इससे तीमारदारों को परेशानी का सामना करना पड़ता है।
तीमारदारों को इस समस्या से छुटकारा दिलाने के लिए जीएसवीएम मेडिकल कॉलेज के प्राचार्य प्रो. संजय काला ने नई योजना बनाई है। उन्होंने वार्ड नंबर छह के पास खाली जगह पर करीब 9.5 करोड़ रुपये से ऑडिटोरियल बनाने का प्रस्ताव बनाकर शासन को भेजा है। इस ऑडिटोरियल में ही स्मार्ट क्लास भी चलेंगी, जिसमें जूनियर डॉक्टरों को प्रशिक्षित किया जाएगा।
प्राचार्य प्रो. संजय काला ने बताया कि हैलट अस्पताल के वार्ड नंबर छह के पास 9.5 करोड़ रुपये से एयर कंडीशन ऑडिटोरियल बनाया जाएगा। यह धनराशि स्वीकृत होने के बाद निर्माण कार्य शुरू होगा। इस ऑडिटोरियल में करीब तीन सौ लोगों के बैठने की सुविधा होगी। स्मार्ट क्लासेस भी चलेंगी, जिसमें मेडिकल छात्र प्रशिक्षित होंगे।
