पीलीभीत: बेखौफ चोर, पस्त पुलिस..तीन मकानों में नकब लगाकर समेटा सामान

Amrit Vichar Network
Edited By Amrit Vichar
On

पीलीभीत/बीसलपुर,अमृत विचार। चोरों के बेखौफ हौसलों के आगे पुलिस पस्त नजर आ रही है।  विभिन्न स्थानों पर हुई वारदात का पुलिस अभी खुलासा नहीं कर सकी है कि एक बार फिर चोर सक्रिय हो गए।

रसायाखानपुर गांव में दस्तक देकर चोरों ने तीन मकानों में नकब लगाया। एक में सामान चोरी नहीं कर सके, जबकि दो मकानों ने नकदी-जेवरात समेत लाखों का सामान समेट ले गए। दूसरे दिन घटना की सूचना मिलने पर पुलिस मौके पर पहुंची और जानकारी जुटाई।

बता दें कि कोतवाली क्षेत्र के ग्राम रसायाखानपुर के निवासी हनीफ खां खेती कर परिवार का भरण पोषण करते हैं। शुक्रवार रात को परिवार संग खाना खाने के बाद सोने चले गए। देर रात किसी वक्त चोर दीवार में नकब लगाकर मकान में प्रवेश कर गए। इसके बाद कमरों में पहुंचकर सामान खंगाल दिया।

यहां से चोर डेढ़ तोला सोना, 250 ग्राम चांदी के जेवरात और 15 हजार रुपये समेट ले गए।  इसी तरह से गांव के ही अशरफ अली खां के मकान में चोर नकब लगाकर भीतर घुसे। यहां से चोर डेढ़ लाख कीमत के पीतल व तांबे के बर्तन और 70 हजार रुपये चोरी कर ले गए। एक अन्य मकान में भी नकब लगाया।

हालांकि यहां चोरी करने में कामयाब नहीं हुए।  दूसरे दिन शनिवार सुबह परिवार वाले जागे तो कमरों में बिखरा सामान और दीवार में लगा नकब देखकर होश उड़ गए।  चोरी का शोर मचते ही ग्रामीण जमा हो गए। इसकी सूचना पुलिस को दी गई।

कोतवाली पुलिस ने मौका मुआयना कर जानकारी जुटाई। हालांकि कोई खास क्लू नहीं जुटाया जा सका।  काफी देर तक पुलिस आसपास के लोगों से भी संदिग्धों के बारे में जानकारी करती रही। एक साथ तीन मकानों में नकब लगाए जाने की घटना के बाद ग्रामीण दहशतजदा दिखाई दिए।

ये भी पढे़ं- भाजपा बेवजह केंद्रीय एजेंसी के माध्यम से झारखंड के मुख्यमंत्री को परेशान कर रही है: कांग्रेस

संबंधित समाचार