देश में 44 लाख के पार कोरोना संक्रमित, 34.46 लाख से अधिक स्वस्थ

Amrit Vichar Network
Edited By Amrit Vichar
On

नई दिल्ली। देश में बुधवार देर रात तक कोरोना वायरस संक्रमण के 60 हजार से अधिक नए मामले सामने आने से संक्रमितों का आंकड़ा 44.27 लाख से अधिक हो गया लेकिन राहत की बात यह रही कि कोरोना मरीजों के स्वस्थ होने की दर 77 फीसदी से अधिक हो गई है। विभिन्न राज्यों से प्राप्त …

नई दिल्ली। देश में बुधवार देर रात तक कोरोना वायरस संक्रमण के 60 हजार से अधिक नए मामले सामने आने से संक्रमितों का आंकड़ा 44.27 लाख से अधिक हो गया लेकिन राहत की बात यह रही कि कोरोना मरीजों के स्वस्थ होने की दर 77 फीसदी से अधिक हो गई है। विभिन्न राज्यों से प्राप्त रिपोर्ट के मुताबिक बुधवार को 60,169 नए मामले सामने आने के बाद संक्रमितों की संख्या बढ़कर 44,27,605 हो गई है।

इस दौरान स्वस्थ लोगों की संख्या में भी इजाफा हुआ। देश में 50,303 कोरोना मरीजों के स्वस्थ होने से संक्रमण मुक्त लोगों की संख्या बढ़कर 34,46,330 हो गई है। इसी अवधि में 639 कोरोना मरीजों की मौत से मृतकों की संख्या 74,562 हो गई है। संक्रमण के मामले में अब भारत कोरोना वायरस से सर्वाधिक गंभीर रूप से प्रभावित अमेरिका के बाद दूसरे स्थान पर आ गया है।

वैश्विक महाशक्ति माने जाने वाले अमेरिका में कोरोना वायरस से संक्रमित होने वालों की संख्या 63.64 लाख के पार पहुंच गई है और अब तक 1,89,972 लोगों की इससे जान जा चुकी है। कोरोना वायरस से प्रभावित देशों में अब तीसरे नंबर पर स्थित ब्राजील में अब तक 41.62 लाख लोग इस वायरस की चपेट में आ चुके हैं जबकि 1.27 लाख के लोगों की मौत हो गई है।

मौत के मामले में ब्राजील अब भी दूसरे स्थान पर है। महाराष्ट्र, आंध्र प्रदेश और कर्नाटक समेत विभिन्न राज्यों से मिली जानकारी के अनुसार चिंता की बात यह है कि स्वस्थ होने वाले मरीजों की तुलना में नए संक्रमितों में वृद्धि होने के कारण सक्रिय मामलों में भी बढ़ोतरी दर्ज की गई है। बुधवार को 8,717 मरीजों की बढ़ोतरी होने से सक्रिय मामलों की संख्या नौ लाख के पार 9,06,111 हो गई। देश में सक्रिय मामले 20.46 प्रतिशत और रोग मुक्त होने वालों की दर 77.83 प्रतिशत है जबकि मृतकों की दर 1.68 फीसदी है। स्वस्थ होने वाले मरीजों की दर गत दिवस के 77.79 प्रतिशत से बढ़कर 77.83 फीसदी पर पहुंच गई।

संबंधित समाचार