बरेली: सीटें रिक्त होने पर छूटे हुए छात्रों की निकाली जा सकती है मेरिट
बरेली, अमृत विचार। बरेली कॉलेज में मेरिट में शामिल होने के बाद भी प्रवेश न ले पाने वाले छात्रों को अब प्रवेश मिलना आसान नहीं है। नियम के तहत उन्हें निर्धारित समय में प्रवेश लेना चाहिए था, लेकिन अच्छे संस्थान में प्रवेश के इंतजार में उन्होंने शुल्क जमा नहीं किया। अब बरेली कॉलेज इन छात्रों को प्रवेश का मौका देगा भी तो आवेदन करने वाले सभी छात्रों की मेरिट जारी होने के बाद ही रिक्त सीटों पर प्रवेश लिया जाएगा। इसमें भी छात्रों की अलग से मेरिट निकाली जाएगी।
बरेली कॉलेज में बीएससी गणित में 880 सीटों के सापेक्ष सिर्फ 850 पंजीकरण हुए। अभी तक करीब 650 प्रवेश हुए हैं। ऐसे में सीटें रिक्त हैं, जिसकी वजह से दूसरे चरण में पंजीकरण शुरू हो गए हैं। वहीं बीए की 1840 सीटों के सापेक्ष 4305 आवेदन आए, जिसमें करीब 1600 छात्रों के प्रवेश हो चुके हैं। इसकी तरह से बीकॉम में 1040 सीटों के सापेक्ष 1104 आवेदन आए, इसमें 735 छात्र प्रवेश ले चुके हैं।
बीएससी जीव विज्ञान में 720 सीटों के सापेक्ष 1771 आवेदन आए, जिसमें 660 छात्र प्रवेश हो चुके हैं। अभी पांचवी मेरिट में शामिल छात्रों के प्रवेश हो रहे हैं। इन छात्रों के प्रवेश 21 अगस्त तक होंगे। इसके बाद रिक्त सीटों के लिए पहले से आवेदन करने वाले छात्रों को मौका दिया जाएगा। इसके बाद यदि आवेदन करने वाले सभी छात्रों की मेरिट और प्रवेश पूरे होने के बाद सीटें रिक्त रहती हैं तो कॉलेज प्रशासन प्रवेश से वंचित छात्रों को मौका दे सकता है।
पहली, दूसरी और तीसरी मेरिट में शामिल करीब दो सौ छात्रों ने प्रवेश नहीं होने की शिकायत की है। इन सभी के भी प्रवेश नई मेरिट के आधार पर होंगे। मुख्य प्रवेश नियंत्रक प्रो. वंदना शर्मा ने बताया कि अभी आवेदन करने वाले छात्रों की मेरिट जारी कर प्रवेश किए जा रहे हैं। सीटें रिक्त होने पर ही प्रवेश से वंचित छात्रों को मौका दिया जा सकता है।
ये भी पढे़ं- बरेली: विवादित जमीन का बैनामा कराकर ठगे 30 लाख, रिपोर्ट दर्ज
