Mahoba News : बिजली के खंभे और तार टूटे, आधा सैकड़ा गांवों की बिजली गुल, लोग परेशान
महोबा में बिजली के खंभे और तार टूटे।
महोबा में बिजली के खंभे और तार टूटने से आधा सैकड़ा से ज्यादा गांवों की बिजली गुल हो गई। 24 घंटे बाद भी बिजली विभाग के कर्मचारी नहीं बिजली आपूर्ति बहाल कर सके।
महोबा, अमृत विचार। बिजली खंभे और तार टूट जान से विकासखंड जैतपुर के आधा सैकड़ा से ज्यादा गांव अंधेरे में डूबे हुए हैं। 24 घंटे बीत जाने के बाद भी बिजली विभाग क्षेत्र की बिजली आपूर्ति बहाल नहीं कर सका है, जिससे बिजली न आने से ग्रामीणों को उमस भरी गर्मी में भारी दिक्कत का सामना करना पड़ रहा हैैं।
बिजली आपूर्ति ठप हो जाने से इलेक्ट्रानिक कारोबार धड़ाम हो गया है। सारा दिन बिजली न आने से कैफे और फोटोकापी की मशीनों की दुकानों में ताले लटक गए। कुछ दुकानदारों ने जनरेटर चलाकर दो गुना पैसा वसूल किया, जिससे लोगों को फोटोकापी और कैफों से अन्य कार्य कराने के लिए अधिक जेब ढीली करनी पड़ी।
सोमवार को बेलाताल मार्ग पर बिजली के तार टूट जाने और कुछ स्थानों पर बिजली के खंभे तेज हवा से गिर जाने के कारण शाम सात बजे आपूर्ति ठप हो गई, जिसके चलते पूरी रात क्षेत्र के लाग अंधेरे में रहे। बिजली न आने से उमस भरी गर्मी में लोगों की रातों की नींद हराम हो गई। बिजली ठप होने से मच्छरों के भरमार के चलते सो नहीं सके। छोटे छोटे बच्चे रात भर गर्मी से बिलबिलाते रहे।
मंगलवार की सुबह बिजली विभाग ने बिजली आपूर्ति बहाल करने के लिए टीम लगा दी। बिजली विभाग की टीम सारा दिन टूटी लाइनों को दुरुस्त करने में जुटी रही। कुछ कर्मचारी टूट खंभों को बदलने में लगे रहे, लेकिन 24 घंटे बाद भी बिजली आपूर्ति बहाल नहीं हो सकी, इससे उपभोक्ताओं में आक्रोश पनप रहा है।
शाम सात बजे छितरवारा, लमौरा, कैथोरा, अजनर, मबइया, बुधौरा, सारंगपुरा, अजनर, घुटई, मुढ़ारी, अकौना, अकौनी, बुधवारा, बधौरा, मगरौल, बछेछरकला, बेलाताल, लाड़पुर सहित आधा सैकड़ा से ज्यादा गांवों की बत्ती गुल हो गई, जिसका खामियाजा ग्रामीणों को भुगतना पड़ रहा है। बिजली विभाग की लचर कार्यप्रणाली के 24 घंटे बाद भी विभाग की टीम बिजली आपूर्ति बहाल नहीं कर सकी, जिसके चलते इलेक्ट्रानिक कारोबारी सारा दिन हाथ पर हाथ धरे बैठे रहे, कुछ दुकानदार तो दुकानों में ताला डालकर अपने अपने घर चले गए।
