बरेली: प्लेटफार्म पर बहता रहा पानी, एसएसई का नहीं उठा फोन
बरेली, अमृत विचार। रेलवे के अफसरों की लापरवाही से मंगलवार को जंक्शन के प्लेटफार्म एक पर करीब एक घंटे तक टोंटी टूटने से पानी बर्बाद होता रहा। कर्मचारियों के साथ ही स्टेशन अधीक्षक ने एसएसई को फोन किया मगर उठा नहीं। बाद में जेई को फोन किया तो टीम मौके पर पहुंची और नई टोंटी लगाई। इस दौरान यात्रियों को भी काफी परेशानी उठानी पड़ी।
जंक्शन के प्लेटफार्म एक पर स्टेशन अधीक्षक कार्यालय के बराबर में किसी यात्री के इस्तेमाल करने के बाद पीने के पानी की टोंटी टूट गई। किसी यात्री ने स्टेशन अधीक्षक कार्यालय में सूचना दी तो एसएसई को फोन किया गया, लेकिन उठा नहीं। इसके बाद स्टेशन अधीक्षक भी एसएसई को फोन मिलते रहे। सूचना पर सीएमआई राकेश कुमार सिंह भी मौके पर पहुंच गए। इस बीच काफी देर तक पानी प्लेटफार्म पर बहता रहा। बमुश्किल इंजीनियरिंग विभाग के जेई से रेल अधिकारियों का संपर्क हो पाया तो टीम मौके पर पहुंची और टोंटी लगाकर बहते हुए पानी को रोका।
स्टेशन अधीक्षक भानुप्रताप सिंह ने बताया कि किसी यात्री के इस्तेमाल करने के बाद टोंटी टूट गई थी, इस वजह से कुछ देर पानी बहा। फिलहाल इंजीनियरिंग के कर्मचारियों को बुलाकर ठीक करा दिया गया है।
ये भी पढे़ं- बरेली: समाधान दिवस से सहायक अभियंता समेत चार अधिकारी रहे नदारद, डीएम को भेजी रिपोर्ट
