UP Weather: Kanpur में हुई झमाझम बारिश, जलभराव और जाम से जूझे लोग, मौसम विभाग ने दी ये चेतावनी

Amrit Vichar Network
Edited By Amrit Vichar
On

कानपुर में झमाझम बारिश से आधे शहर की बिजली धड़ाम।

कानपुर में झमाझम बारिश से आधे शहर की बिजली धड़ाम। कम व ज्यादा पॉवर होने पर काकादेव में उपकरण भी फुंके।

कानपुर, अमृत विचार। शहर में शाम को हुई बारिश के कारण आधे शहर की बिजली गुल हो गई। कई जगहों पर बिजली के तारों पर पेड़ गिरे और फॉल्ट हुए। वहीं, काकादेव में कम व अधिक वोल्टेज होने की वजह से कुछ घरों में बिजली के उपकरण फुंक गए, जिस वजह से लोगों को जहमत उठानी पड़ रही है।

शहर में मंगलवार शाम को झमाझम बारिश ने जहां लोगों को उमस भरी गर्मी से राहत दी। वहीं, जगह-जगह जलभराव की समस्या से लोगों को जूझना पड़ा। साथ ही बारिश व तेज हवा चलने के कारण काकादेव, श्याम नगर, जरौली, बर्रा विश्व बैंक, बारादेवी आदि क्षेत्र में बिजली के तारों पर पेड़ गिर गए।

इसके अलावा खुले पैनल बॉक्स में पानी भरने की वजह से बिरहाना रोड, फूलबाग, सिविल लाइंस, विनायकपुर, नरोना चौराहा, मालरोड, चमनगंज समेत आदि क्षेत्र में फॉल्ट होने से बिजली गुल हो गई। वहीं, काकादेव एम ब्लाक में हाई वोल्टेज आने से कई घरों में बिजली के उपकरण फुंक गए। लोगों ने केस्को अधिकारियों को कई बार कॉल कर समस्या बताई, लेकिन कोई खास सुनवाई नहीं हुई। केस्को मीडिया प्रभारी श्रीकांत ने बताया कि बारिश के कारण कुछ जगहों पर फॉल्ट हुए और पेड़ की डाल तारों पर गिर गई हैं। कर्मचारियों को फॉल्ट बनाने में लगाया गया है।

10 मोहल्लों में नौ घंटे गुल रही बिजली

जूही बारा देवी में मंगलवार सुबह करीब दस बजे गुल हुई बिजली शाम करीब चार बजे आई, लेकिन बारिश होने के बाद शाम करीब पांच बजे फिर से काट दी गई। इसके अलावा शहर के गोविंद नगर, गोपाल नगर, विष्णुपुरी, शक्ति चौराहा, बर्रा आठ, रविदासपुरम, कर्राही, गुजैनी, साकेत नगर, नवीन नगर व पांडु नगर समेत 10 मोहल्लों में बिजली सुबह लेकर शाम तक गुल रही। इस कारण हजारों लोग बिजली न आने की वजह से परेशान हो गए। इसके अलावा करीब 40 से अधिक मोहल्लों में बिजली की आवाजाही दिन भर रही। साथ ही कई क्षेत्रों में ट्रिपिंग की समस्या रही।

आज यहां नहीं आएगी बिजली

भन्नापुरवा, बर्रा गांव सब्जी मंडी, मानस विहार, गोपाल नगर, रावतपुर के ऑफिसर्स कॉलोनी, कारवालो नगर, कराची खाना, सत्ती चौराहा, आजाद नगर, तिवारी घाट, कंपनी बाग एचबीटीआई कूड़ाघर, विष्णुपुरी रामचंद्र डाल, शिवाजी नगर, नवीन नगर व कल्यानपुर के मिर्जापुर गांव में बिजली पूरे दिन नहीं रहेगी। इनमें से कई क्षेत्रों में बिजली सात से आठ घंटे नहीं आएगी।

 घर से न निकलें, बाहर जलभराव से जाम लगा है…

मंगलवार को हुई झमाझम बारिश के बाद पूरा शहर जाम में फंस गया। वीआईपी रोड पर टेफ्को तिराहे से रेव 3 तक भारी जलभराव हो गया। जिससे पूरी वीआईपी रोड पर लंबा जाम लग गया। हालात बिगड़ने के बाद कमिश्नरेट पुलिस को सड़क पर उतरना पड़ा। यातायात का दबाव बढ़ता देख पुलिस ने ट्विटर पर दो पोस्ट कर अलर्ट जारी किया। जिसमें लोगों से जरूरी काम होने पर ही बाहर निकलने की अपील की गई। साथ ही ट्रैफिक पुलिस ने टोल फ्री नंबर भी जारी किया। 

कानपुर कमिश्नरेट पुलिस ने अधिकारिक ट्विटर हैंडल पर लिखा कि ‘बारिश के कारण कई जगह जलभराव हुआ है। जिससे सड़कों पर यातायात दबाव है। यातायात और स्थानीय पुलिस जाम को हटाने का प्रयास कर रही है, अधिक आवश्यक न हो तो घर से बाहर न निकलें व पुलिस का सहयोग करें।’

गोविंद नगर, साकेत नगर, किदवई नगर, सिविल लाइंस, कल्याणपुर समेत एक दर्जन क्षेत्रों में घुटनों से ऊपर तक पानी भर गया। जिसकी वजह से जाम लगा, वहीं दक्षिण में निराला नगर से चावला मार्केट चौराहा तक वाहनों को निकलने में घंटों लग गए। यही हाल वीआईपी रोड पर भी रहा जहां जलभराव से हजारों वाहन फंस गए गये। कई वाहन तो बीच पानी में फंस गए तो चालकों ने उन्हें घसीट कर बाहर निकाला। कानपुर पुलिस और ट्रैफिक के जवान भी भीषण जाम को खत्म कराने में जूझते नजर आए।

संबंधित समाचार