Kanpur: KDA के हजारों फ्लैट खाली पड़े होने से 14 अरब फंसे, सात साल से नहीं मिले रहे खरीददार, पढ़ें- पूरी खबर
कानपुर में केडीए के हजारों फ्लैट खाली पड़े है।
कानपुर में केडीए के हजारों फ्लैट खाली पड़े होने से 14 अरब फंसे पड़े है। सात साल से विभिन्न योजनाओं में बनाए गए फ्लैटों के लिए खरीददार नहीं मिल रहे।
कानपुर, अमृत विचार। कानपुर विकास प्राधिकरण (केडीए) तमाम कवायद के बाद भी बहुमंजिली इमारतों में बनाए गए फ्लैट नहीं बेच पा रहा है। 31 अगस्त, 2024 तक फ्लैटों के दाम फ्रीज करने के बाद भी खरीदार बिना पर्याप्त सुविधाओं के आबादी से दूर बने फ्लैट खरीदने में रुचि नहीं दिखा रहे हैं। वर्ष 2016 से विभिन्न योजनाओं में बनाई गई 10 बहुमंजिला इमारतों में 7000 से ज्यादा फ्लैट खाली पड़े हैं। इस कारण विभाग के 14 अरब रुपये फंस गये हैं।
केडीए ने विभिन्न योजनाओं में 11 हजार 304 फ्लैट बनाए हैं। इनमें से सिर्फ तीन हजार 966 फ्लैट ही बिक पाए हैं। सात हजार 338 फ्लैटों को अभी भी खरीदारों का इंतजार है। इन फ्लैट को कमीशन एजेंट भी नहीं बेच पा रहे हैं।
एक एजेंट ने बताया कि जिन लोगों को वह केडीए का फ्लैट दिखाने ले जाते हैं, वे योजना के आसपास सन्नाटा, सीवर भराव, मुख्य मार्गों पर गड्ढे देखकर कहते हैं कि भैया, इससे तो अच्छा है कि हमें किसी अच्छी सोसायटी में मकान ही दिलवा दो। पुलिस कर्मियों के लिए तीन हजार फ्लैट दिए जाने का प्रस्ताव भी निरस्त हो चुका है।, क्योंकि पुलिस कर्मी भी बीहड़ जैसे इलाके में नहीं रहना चाहते हैं।
फ्लैट बेचने वाले एजेंटों के लिए पांचवी बार टेंडर
केडीए ने अपने फ्लैट बेचने के लिए कई फर्मों को ऑफर दिया है कि वह खुद बताएं कि कितने कमीशन पर एजेंट बनने को तैयार हैं। अभी तक केडीए 0.5 प्रतिशत कमीशन ही देने को तैयार था। एजेंटों का कहना था कि इतने कम पैसे में वह फ्लैट बेचने की मेहनत नहीं कर सकते। केडीए अब किसी भी कीमत पर अपना फंसा धन निकालने की जुगत में है। इसलिए कमीशन एजेंट नहीं मिलने पर नए सिरे से पांचवीं बार एजेंट रखने के लिए टेंडर निकाला गया है।
फोरलेन अंडरपास बनने से शताब्दी नगर, जवाहरपुरम में बिकेंगे फ्लैट
शताब्दी नगर, जवाहरपुरम हाउसिंग स्कीम को नेशनल हाईवे पनकी से जोड़ने का रास्ता साफ हो रहा है। रेलवे ने शताब्दी नगर में दिल्ली-हावड़ा ट्रैक पर फोरलेन अंडरपास बनाने के केडीए के प्रस्ताव को हरी झंडी दे दी है। यह अंडरपास रेलवे बनाएगा। प्रयागराज रेलवे डिवीजन की टीम फोरलेन अंडरपास का इस्टीमेट बना रही है। केडीए अधिकारियों का दावा है कि फोरलेन अंडरपास बनने से शताब्दी नगर, जवाहरपुरम और आसपास खाली पड़े फ्लैट बेचने में आसानी हो जाएगी।
शहर के लोगों का केडीए पर पूरा भरोसा है। योजनाओं में फ्लैटों की बुकिंग हो रही हैं। लोगों को आकर्षक ऑफर दिए जा रहे हैं, ताकि ज्यादा से ज्यादा लोग केडीए की योजनाओं में फ्लैट खरीद सकें।- शत्रोहन वैश्य, सचिव, केडीए।
