पूर्व मंत्री राजभर ने किया चंद्रयान-3 के 'धरती पर उतरने' पर भव्य स्वागत का आह्वान, वीडियो वायरल

Amrit Vichar Network
Edited By Amrit Vichar
On

मऊ, आजमगढ़। सुहेलदेव भारतीय समाज पार्टी (सुभासपा) के प्रमुख और उत्तर प्रदेश के पूर्व कैबिनेट मंत्री ओम प्रकाश राजभर ने चंद्रयान-3 की सफलता पर वैज्ञानिकों को बधाई देते हुए उसके 'धरती पर उतरने पर' भव्य स्वागत का आह्वान किया है। राजभर ने संवाददाताओं द्वारा चंद्रयान मिशन के बारे में पूछे जाने पर कहा, ''मैं भारत के वैज्ञानिकों को धन्यवाद देता हूं जो शोध कर दिन-ब-दिन नई खोज कर रहे हैं। आप जिस चंद्रयान—3 की बात कर रहे हैं, हम इसके लिए उन्हें बधाई देते हैं। कल जिस समय वह सफलतापूर्वक पृथ्वी पर आयेगा तब पूरे देश को उसका स्वागत करना चाहिए।''

प्रदेश के पिछड़ा वर्ग कल्याण विभाग के पूर्व मंत्री राजभर इस तथ्य से अनभिज्ञ दिखे कि चंद्रमा पर सफल लैंडिंग के बाद चंद्रयान-3 दो सप्ताह तक क्रियाशील रहेगा और इस दौरान चंद्रमा की सतह की खनिज संरचना के स्पेक्ट्रोमीटर विश्लेषण सहित कई प्रयोग किये जाएंगे। बहरहाल, चंद्रयान के धरती पर उतरने पर उसके भव्य स्वागत के आह्वान संबंधी राजभर का वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल हो गया है। भारत अंतरिक्ष क्षेत्र में लंबी छलांग लगाते हुए बुधवार की शाम करीब छह बजकर चार मिनट पर चंद्रयान-3 को चांद के दक्षिणी ध्रुव पर उतारने में कामयाब रहा। 

यह भी पढ़ें:-नवदीप रिनवा होंगे यूपी के मुख्य निर्वाचन अधिकारी, भारत निर्वाचन आयोग ने दी मंजूरी

संबंधित समाचार