Chitrakoot News: चचेरी बहनों सहित चार लोगों की डूबकर मौत, बरसात में तालाब और चेकडैम में भरे पानी से हादसे

Amrit Vichar Network
Edited By Amrit Vichar
On

चित्रकूट में चचेरी बहनों सहित चार लोगों की डूबने से मौत हो गई।

चित्रकूट में चचेरी बहनों सहित चार लोगों की डूबने से मौत हो गई। परिजनों में कोहराम मच गया। पुलिस ने जांच शुरू की।

चित्रकूट, अमृत विचार। बरसात से तालाब और चेकडैम लबालब भर गए हैं। ऐसे में डूबने से दो चचेरी बहनों सहित चार लोगों की मौत हो गई। दो बच्चियां जहां चेकडैम में डूब गईं। वहीं ट्यूबवैल पर बैठकर तालाब से कमल का फूल तोड़ रहा कानपुर निवासी युवक संतुलन बिगड़ने पर गहरे पानी में चला गया। एक अन्य घटना में हमीरपुर का युवक नहाते समय चेकडैम में डूब गया।

बरगढ़ थानांतर्गत कोलमजरा में अंजनी (8) पुत्री धर्मेंद्र कुमार और रीनू (10) पुत्री सुरेश कुमार, जो प्राथमिक विद्यालय कोलमजरा (भाग -1) में कक्षा दो की छात्राएं थीं, गुरुवार देर शाम घरवालों की गैरमौजूदगी में अन्य बच्चों के साथ पास के बरसाती नाले पर बने चेकडैम में नहाने गई थीं। नहाते समय दोनों गहरे पानी में चली गईं। वहां मौजूद दूसरे बच्चों ने दौड़कर गांववालों को सूचना दी। जब तक निकाला जाता, दोनों की सांसें थम चुकी थीं। बच्चियों की मौत से घरों में कोहराम मच गया।

सूचना पर पहुंचे पुलिस और प्रशासन के अधिकारियों ने मृतकों के परिजनों को ढांढस बंधाया और हर संभव मदद का आश्वासन दिया। रक्षाबंधन के पहले एक ही परिवार की दो बेटियों की मौत से इलाके में मातम पसर गया। दोना पत्तल बनाकर इनका परिवार गुजर बसर करता है। रीनू और अंजनी चचेरी बहनें थीं और अंजनी दो भाइयों के बीच इकलौती बहन थी।

बरगढ़ थाना प्रभारी अंजनी कुमार ने बताया कि शवों को पोस्टमार्टम के लिए भेजा गया है। एसडीएम मऊ राकेश पाठक ने बताया कि नायब तहसीलदार को मौके पर भेजा गया है। पोस्टमार्टम की रिपोर्ट आने के बाद परिजनों को सहायता राशि दी जाएगी।  

फूल तोड़ते समय कानपुर का युवक तालाब में गिरा, मौत
कानपुर के युवक की तालाब में डूबकर मौत हो गई। मशक्कत के बाद उसका शव निकाला जा सका। छोटा (35) पुत्र महादेव निवासी ग्राम संभुवा थाना बिधनू जिला कानपुर नगर अपने गांव के ही बदलू पुत्र भगवानदीन व अमर पुत्र संतोष के साथ कमल के फूल तोड़ने लोहदा आया था। बदलू और अमर ने बताया कि शुक्रवार की सुबह वे लोग गांव के बाहर सगवारा हार स्थित नंदहा तालाब गये थे। छोटा ट्यूब के सहारे बीच तालाब में फूल तोड़ रहा था। इन्होंने बताया कि अचानक छोटा को मिर्गी का दौरा पड़ा और वह संतुलन बिगड़ने से ट्यूब से पानी में गिर गया।

जबतक आसपास के लोग उसे बचाते, वह पानी में समा गया। लोगों ने इसकी सूचना ग्राम प्रधान प्रतिनिधि शिवगोपाल को दी। उनकी सूचना पर पहुंचे प्रभारी निरीक्षक नागेंद्र कुमार नागर, सब इंस्पेक्टर रविकांत राय ने शव की तलाश शुरू कराई। बड़ी मशक्कत के बाद शव को पानी से निकाला जा सका। इन लोगों ने बताया कि सावन में कमल के फूल की मांग ज्यादा होने से वे लोग दूरदूराज के गांवों में जाकर कमल के फूल इकट्ठा कर कानपुर में बेचते हैं। 

चार जांबाज युवकों ने की शव की तलाश

गौरतलब है कि इस समय तालाबों में कमल और कमलगट्टा की बेल होने की वजह से तालाब में गहरे में उतरने का साहस कोई नहीं करता। ऐसे में शव का पता लगाने का जोखिम भी कोई नहीं कर रहा था। ग्राम प्रधान सगवारा रामेश्वर प्रसाद, ग्राम प्रधान लोहदा के भाई ललऊ श्रीवास, रमेश और घनश्याम के साथ जान की परवाह न करते हुए गहरे तालाब में कूद गए। मशक्कत के बाद ये लोग शव को पानी से बाहर निकाल सके। वहां मौजूद हर शख्स ने इन जाबांजों की प्रशंसा की। प्रभारी निरीक्षक ने बताया कि चारों का नाम 26 जनवरी में पुरस्कार के लिए भेजा जाएगा। 

नहाते समय हमीरपुर का युवक चेकडैम में डूबा 

एक अन्य घटना में हमीरपुर निवासी एक युवक पैर फिसलने से चेकडैम में जा गिरा। जब तक उसे निकाला जाता, सांसें थम चुकी थीं। भरतकूप थानांतर्गत मऊ ब के प्रधान अत्रि मुनि ने बताया हमीरपुर निवासी सोनू (22) पुत्र यशवंत सिंह अपने नाना सत्येंद्र सिंह के घर आया था। शुक्रवार को वह गांव के एक युवक छोटू के साथ पास के चेकडैम में नहाने गया था। वहां थाह न पाकर वह गहरे पानी में चला गया और डूबने लगा। जब तक छोटू और अन्य लोग उसे निकालते, उसकी मौत हो गई थी। सोनू की मौत की खबर घर पहुंची तो रोनापीटना मच गया। पुलिस ने शव को पोस्टमार्टम के लिए भेजा है।

संबंधित समाचार