प्रतापगढ़ : महिला का शव निकालने पहुंचे अधिकारी,कब्र की नहीं हो सकी पहचान
रानीगंज / प्रतापगढ़, अमृत विचार। पोस्टमार्टम के लिए कोर्ट के आदेश पर शुक्रवार को महिला का शव निकलवाने एसडीएम व सीओ के नेतृत्व में टीम पहुंची। कब्र की पहचान न होने के कारण महिला का शव खोदकर नहीं निकाला जा सका। टीम को वापस लौटना पड़ा।
लीलापुर के तेजगढ़ निवासी मो. अब्बास की बेटी अख्तरुन निशा की शादी रानीगंज के दुर्गागंज में मो. इरफान के साथ हुई थी। 24 अप्रैल 2023 को अख्तरुन निशा की प्रसव के दौरान मौत हो गई थी। परिजन दुर्गागंज स्थित कब्रिस्तान में महिला के शव को दफन कर दिए थे। इसके बाद उसके मायके के लोगों ने बेटी को जान से मार डालने का आरोप लगाते हुए न्यायालय की शरण ली।
न्यायालय के आदेश पर थाना लीलापुर में पति इरफान व इनायत उल्ला मेंहदी, नूर जहां, सब्बो, मंतशा अंजुम के विरुद्ध मुकदमा दर्ज किया गया था। न्यायालय के आदेश पर एसडीएम रानीगंज तनवीर अहमद, सीओ विनय प्रभाकर साहनी पुलिस टीम के साथ दुर्गागंज पहुंचे और परिजनों के साथ कब्रिस्तान में महिला के कब्र को पहचान कर बताने को कहा। मिट्टी बराबर होने से महिला के कब्र की पहचान नहीं हो सकी। करीब दो घंटे तक अधिकारी व अन्य लोग परेशान रहे। अंत में बगैर शव की खोदाई किए अधिकारी वापस लौट गए।
एसडीएम रानीगंज तनवीर अहमद ने बताया कि कब्रिस्तान में कुछ माह पहले ही मिट्टी डलवाकर जमीन को बराबर करवाया गया था। इस कारण महिला के कब्र की पहचान नहीं हो पाई। बाद में मामले को दिखवाया जाएगा।
ये भी पढ़ें -समय पर समन तामील करने में पुलिस की असमर्थता अभियुक्तों के अधिकार का उल्लंघन : हाईकोर्ट
