Raksha Bandhan 2023: भैया की कलाई पर बांधूगीं इस बार चंद्रयान, Kanpur के बाजारों में बच्चे मांग रहे चंदा मामा वाली राखी

Amrit Vichar Network
Edited By Amrit Vichar
On

कानपुर के बाजार में बच्चे चंदा मामा वाली राखी मांग रहे है।

कानपुर के बाजार में ‘डोरेमॉन’, ‘टॉम एंड जैरी’ जैसी राखियों की भरमार है। लेकिन बच्चे चंदा मामा वाली राखी मांग रहे है।

कानपुर, अमृत विचार। चंद्रयान- 3 की सफलता को देश में धरती से चंद्रमा को भेजी गई राखी से जोड़ा गया था। सोशल मीडिया पर इसे लेकर तमाम मीम्स और कार्टून वायरल हुए थे। ऐसे में बाजार भला कहां पीछे रहता। रक्षाबंधन पर बड़ी मात्रा में चंद्रमा के आकार और चंद्रयान-3 से जुड़ी अनोखी राखियां उतारने के लिए तैयार की जा रही हैं। कुछ ज्वैलर्स ने तो चांदी की ‘चंद्रयान’ वाली राखियां बनाने के आर्डर भी दे दिए हैं।

रक्षा बंधन के लिए राखियों का बाजार सज गया है। बाजार में तरह-तरह की मनमोहक राखियां मौजूद हैं। राखी विक्रेताओं के अनुसार बच्चों की अभी तक पहली पसंद ‘डोरेमॉन’ और ‘टॉम एण्ड जैरी’वाली राखियां थीं। लेकिन चंद्रयान -3 की सफलता के बाद बड़ी संख्या में चंदा मामा वाली राखियों की मांग आ रही है। बहनें इस बार भाई की कलाई पर चंद्रयान-3 वाली राखियां बांधने के लिए मांग रही हैं। 

शहर के मुख्य राखी बाजार चौक, मेस्टन रोड, शिवाला और एक्सप्रेस रोड में राखियों में खरीदारी करने वालों की भीड़ बढ़ गई है। मेस्टन रोड में राखी विक्रेता सुशील शर्मा ने बताया इस बार लोग ऐसी राखियां अधिक खरीद रहे हैं जो जल्दी खराब न हों और अधिक दिनों तक कलाई में बंधी रहें। इनमें ‘स्वास्तिक’, ‘ओम’ और ‘रुद्राक्ष’वाली राखियां अधिक खरीदी जा रही हैं।

ऐसी राखियों को खासतौर पर शहर के बाहर नौकरी करने वाले या इन राखियों को पोस्ट के जरिए शहर के बाहर भेजने वाले लोग अधिक पसंद कर रहे हैं। इनकी कीमत तीस रुपये से शुरू होकर 150 रुपये तक है। इसी तरह पीरोड, स्वरूप नगर, आर्य नगर, गुमटी बाजारों में बच्चों के लिए खास कार्टून कैरेक्टर वाली राखियां मिल रही हैं।

इनमें ‘स्पाइडर मैन’, डोरेमॉन व ‘टॉम एण्ड जैरी’ के साथ दुकानदार   कार्टून कैरेक्टर  ‘मोटू-पतलू’,  अलादीन का ‘जिन’ और ‘बार्बी गर्ल’ जैसी राखियां दिखा रहे हैं, लेकिन ग्राहक चंद्रमा से जुड़ी राखियां ज्यादा मांग रहे हैं। गुमटी में राखी विक्रेता रमन भट्ट ने बताया कि दो दिन के भीतर बाजार में चंदा मामा वाली राखियां आ जाएंगी। इन राखियों की कीमत 30 रुपये से शुरू होकर 200 रुपये तक होगी। बाजार में मेटल ब्रेस्लेट भी राखियों के बीच अपनी जगह बना रहे हैं। सोने और चांदी की तरह दिखने वाले यह ब्रेस्लेट दो सौ से तीन सौ रुपये तक में मिल रहे हैं। 

‘चांद का धरती से भाई-बहन का रिश्ता’

राखी के थोक विक्रेताओं के अनुसार प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने ग्रीस में भारत के चंद्रयान -3 की सफलता को रक्षाबंधन के त्योहार से जोड़ दिया है, इससे भी लोगों के बीच चंद्रयान की राखियों की मांग बढ़ गई है। प्रधानमंत्री ने कहा है कि हमारे यहां चंद्रमा को प्यार से चंदा मामा बोला जाता है, यानी चांद का धरती से भाई-बहन का रिश्ता है। यही वजह रही कि जब धरती से चंद्रयान-3 की राखी चांद पर भेजी गई तो उसने बड़े प्यार से उसे कबूल कर लिया।

संबंधित समाचार