चित्रकूधाम मंडल के लोगों के लिए अच्छी खबर, अयोध्या से मुंबई तक चलेगी सुपरफास्ट तुलसी एक्सप्रेस ट्रेन
सोमवार से अयोध्या से मुंबई तक चलेगी सुपरफास्ट तुलसी एक्सप्रेस ट्रेन।
सोमवार से अयोध्या से मुंबई तक चलेगी सुपरफास्ट तुलसी एक्सप्रेस ट्रेन। इससे चित्रकूटधाम मंडल के लोगों को खास फायदा होगा। ट्रेन चलाने को लंबे समय से मांग की जा रही थी।
बांदा, अमृत विचार। चित्रकूधाम मंडल के लोगों के लिए अच्छी खबर है। रेलवे ने भगवान श्रीराम की जन्मस्थली अयोध्या से उनके वनवास काल के तपोभूमि चित्रकूट को पहली बार ट्रेन से जोड़ा है। प्रयागराज से लोकमान्य तिलक टर्मिनल मुंबई तक जाने वाली तुलसी एक्सप्रेस का अयोध्या तक विस्तार किया गया है। सप्ताह में दो बार चलने वाली तुलसी एक्सप्रेस 28 अगस्त (सोमवार) को पहली बार अयोध्या से दोपहर 2: 50 बजे चलेगी और रात 10:05 बजे बांदा पहुंचेगी।
दरअसल श्रीराम की जन्मस्थली अयोध्या से उनके वनवास काल की तपोभूमि चित्रकूट से सीधे ट्रेन चलाने की मांग लंबे समय से की जा रही थी। अभी तुलसी एक्सप्रेस प्रत्येक सोमवार व बुधवार को प्रयागराज से चलती है। जबकि लोकमान्य तिलक से इसका संचालन प्रत्येक मंगलवार व रविवार को होता है। अब नई समय सारिणी के अनुसार तुलसी एक्सप्रेस लोकमान्य तिलक से चलकर बांदा रेलवे स्टेशन तड़के 3:35 बजे आएगी।
प्रयागराज सुबह 8:40 बजे जंक्शन पहुंचेगी। 25 मिनट के ठहराव के बाद सुबह 9:05 बजे यह रवाना होगी। सुबह 9:18 बजे प्रयाग जंक्शन, सुबह 10:12 बजे प्रतापगढ़, 10:54 बजे सुल्तानपुर व दोपहर 12:10 बजे ट्रेन अयोध्या कैंट पहुंच जाएगी। वापसी में अयोध्या कैंट से यह दोपहर 2:50 बजे चलेगी और शाम छह बजे प्रयागराज जंक्शन पहुंचेगी।
प्रयागराज से शाम 6:30 रवाना होगी। बांदा स्टेशन रात 10:5 बजे आएगी। अब प्रयागराज जंक्शन से मुंबई के लोकमान्य तिलक टर्मिनल जाने वाली तुलसी एक्सप्रेस प्रयागराज से बनकर नहीं चलेगी। इस ट्रेन के प्राथमिक संचालन का अधिकार उत्तर रेलवे के अयोध्या रेलवे स्टेशन को दे दिया गया है। अब यह सप्ताह में दो दिन अयोध्या कैंट से चलेगी। 27 अगस्त से तुलसी का संचालन लोकमान्य तिलक से अयोध्या तक और 28 अगस्त से इसका संचालन अयोध्या से लोकमान्य तिलक के लिए होगा।
नई व्यवस्था इस तरह होगी
जनसंपर्क अधिकारी झांसी के मुताबिक नई व्यवस्था के तहत तुलसी एक्सप्रेस लोकमान्य तिलक से उक्त दिवसों पर चलकर यहां सुबह 8:40 बजे आएगी। 25 मिनट के ठहराव के बाद सुबह 9:05 बजे इसकी रवानगी प्रयागराज जंक्शन से होगी। सुबह 9:18 बजे प्रयाग जंक्शन, सुबह 10:12 प्रतापगढ़, 10:54 बजे सुल्तानपुर और दोपहर 12:10 बजे ट्रेन अयोध्या कैंट पहुंचेगी। वापसी में अयोध्या कैंट से इसका संचालन दोपहर 2:50 बजे होगा। 3:38 बजे सुल्तानपुर, 4:18 बजे प्रतापगढ़, शाम 5:34 बजे प्रयाग और शाम छह बजे प्रयागराज जंक्शन पहुंचेगी। यहां से इसकी रवानगी शाम 6:30 बजे मुंबई के लिए होगी।
पुराने रूट के समय में कोई बदलाव नहीं
वर्तमान में तुलसी एक्सप्रेस इलाहाबाद जंक्शन, मानिकपुर जंक्शन, चित्रकूटधाम कर्वी, अतर्रा, बांदा, महोबा, हरपालपुर, मऊरानीपुर, निवाड़ी, झांसी, ललितपुर, बीना, भोपाल, हबीबगंज, इटारसी, टिमरनी, हरदा, खंडवा, बुरहानपुर, भुसावल जंक्शन, नासिक रोड, इगतपुरी, कल्याण जंक्शन, ठाणे होकर और मुंबई लोकमान्य तिलक टर्मिनल रेलवे स्टेशन पहुुंचती है।
क्या कहते हैं जिम्मेदार
इस बारे में बांदा रेलवे स्टेशन प्रबंधक मनोज शिवहरे का कहना है कि इसका अयोध्या तक विस्तार होने से प्रयागराज से अयोध्या के बीच की समय सारिणी में बदलाव हुआ है। जबकि पूर्व स्टेशनों के समय में कोई बदलाव नहीं किया गया है। उपरोक्त स्टेशनों पर पुराने समय के अनुसार ही ट्रेन आएगी और जाएगी।
