रामपुर: आंगन में सो रही बच्ची को उठा ले गया बंदर, छत से फेंका, सिर में आए 10 टांके
शाहबाद, अमृत विचार। आंगन में सो रही दुधमुंही बच्ची को बंदर उठाकर छत पर ले गया। परिजनों ने देखते ही हंगामा कर दिया। उन्होंने बंदर से बच्ची को छुड़ाने का प्रयास किया तो वह बिगड़ गया। बंदर ने बच्ची को बुरी तरह से नोंचकर छत से फेंक दिया। जिससे बच्ची गंभीर रूप से घायल हो गई। बच्ची को निजी अस्पताल में भर्ती कराया गया, जहां उसके सिर में 10 टांके आए।
मामला नगर के मोहल्ला अफगान स्थित मोतीझील के निकट का है। जहां शनिवार दोपहर सलीम और उसकी पत्नी शबनम घर में कुछ काम कर रहे थे। इस दौरान उनकी चार माह की बेटी माहेनूर पलंग पर सो रही थी। बताया जाता है कि उस दौरान एक बंदर घर में घुस गया। बच्ची पर हमला कर उसे उठाकर ले गया।
प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार छत पर चढ़कर बंदर उसे काट रहा था। लोगों से शोर मचाया तो उसने बच्ची को नीचे फेंक दिया। हादसे से मौके पर चीख पुकार मच गई। खून से लथपथ बच्ची को परिजन सीएचसी लेकर पहुंचे। चिकित्सकों ने प्राथमिक उपचार के बाद जिला अस्पताल के रेफर कर दिया, लेकिन परिजन बच्ची को निजी चिकित्सक यहां ले गए। बताया गया की घायल बच्ची के सिर में करीब दस टांके आए।
ये भी पढ़ें- रामपुर: बिलासपुर में बीएसएफ के जवान की मौत, पंद्रह दिन की छुट्टी लेकर आया था घर
