Auraiya News: संदिग्ध परिस्थितयों में मिला युवक का शव, ग्रामीणों ने हत्या कर फेंकने की जताई आशंका
औरैया में संदिग्ध परिस्थितयों में मिला युवक का शव।
औरैया में संदिग्ध परिस्थितयों में युवक का शव मिला। ग्रामीणों ने युवक की हत्या कर शव फेंके जाने की आशंका जताई।
औरैया, अमृत विचार। कोतवाली क्षेत्र के पूठा गांव के समीप हाइवे से करीब बीस मीटर दूर स्थित चक रोड पर खड़े नीम के पेड़ के पास एक युवक का शव देख सनसनी फैल गई। सूचना पर पहुंची पुलिस ने शिनाख्त कराते हुए परिजनों को सूचना देकर शव को पोस्टमार्टम के लिए भेजा है।
रविवार को सुबह पूठा गांव के पास हाइवे किनारे स्थित सम्राट ढाबे पर कुछ लोग बैठे हुए थे। कुछ लोग लघुशंका के लिए ढाबे के पीछे खेतों की ओर गए। तो एक युवक को पड़ा देखा। धीरे-धीरे वहां काफी लोग पहुंच गए। किसी ने कोतवाली पुलिस को इसकी सूचना दे दी। मौके पर पहुंचे कोतवाल मुकेश चौहान ने जांच-पड़ताल की। उसके हाथ पर रामकिशोर लिखा देख शिनाख्त कराने की कोशिश की।
बीते 20 अगस्त को क्षेत्र के जगन्नाथपुर गांव निवासी एक युवक की मौत में नामित आरोपित रामकिशोर की आशंका पर जगन्नाथपुर में सूचना भेजी। परिजनों ने शव की शिनाख्त रामकिशोर के रूप में की। परिजनों ने हत्या करने की आशंका प्रकट की है। कोतवाल मुकेश चौहान ने परिजनों से जानकारी की। कोतवाल ने बताया कि बीते 20 अगस्त को जगन्नाथपुर गांव निवासी अंकित पाल का शव गांव के पास स्थित एक खेत पर खड़े पेड़ से फांसी पर लटका मिला था।
उसके भाई अंशुल पाल ने गांव के ही गोपाल और रामकिशोर पर हत्या कर शव को फांसी पर लटका दिए जाने का आरोप लगाते हुए दो दिन बाद तहरीर दी थी। तहरीर के आधार पर रामकिशोर और गोपाल के खिलाफ हत्या का मामला दर्ज कर लिया गया था। रामकिशोर बीते 21 अगस्त को ही अपनी बीमार पत्नी संगीता को कानपुर हैलट में इलाज के लिए लेकर चला गया था। पत्नी कानपुर में एडमिट है।
मामला दर्ज होने के बाद पुलिस उसकी तलाश कर रही थी। वह एक ट्रेवल्स बस का चालक भी है। ट्रेवल्स कंपनी में जानकारी करने पर बताया गया कि वह बीते दस दिनों से छुट्टी पर है। उसके पुत्र कृष्णा और सत्यम पुत्री गौरी घर पर रह रहे है। एक पुत्री ज्योति की शादी हो चुकी है। अभी कोई तहरीर नहीं मिली है। शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया गया है। पोस्टमार्टम रिपोर्ट आने पर ही मौत का कारण स्पष्ट हो सकेगा। तहरीर आने पर अग्रिम कार्यवाही की जायेगी। मौके पर मिले मोबाइल को सर्विलांस पर लगाया जा रहा है।
