गोंडा: बृजभूषण शरण सिंह ने सपा नेता पर किया प्रहार, कहा- शिवद्रोही हैं स्वामी प्रसाद मौर्य

Amrit Vichar Network
Edited By Amrit Vichar
On

निगरानी समिति की बैठक में शामिल होने गोंडा पहुंचे थे बृजभूषण शरण सिंह

गोंडा, अमृत विचार। चंद्रयान-3 के चांद की सतह पर लैंडिंग वाले स्थान को शिवशक्ति नाम दिए जाने पर इसे वैज्ञानिकों का अपमान बताने वाले सपा नेता स्वामी प्रसाद मौर्य को बीजेपी सांसद बृजभूषण शरण सिंह ने आड़े हाथ लिया है और इस पर तीखी प्रतिक्रिया दी है। बीजेपी सांसद ने स्वामी प्रसाद मौर्य को शिवद्रोही करार दिया है। सांसद ने कहा कि खुद को गरीबों का नेता बताने वाले स्वामी प्रसाद मौर्य असल में गरीबों के द्रोही हैं।‌ गरीबों के देवता भगवान शिव हैं। क्योंकि जिसका कोई नहीं उसके शिव हैं। 

कैसरगंज बीजेपी सांसद बृजभूषण शरण सिंह सोमवार को जिला विकास समन्वय एवं निगरानी समिति की बैठक‌ में शामिल होने पहुंचे थे। जिला पंचायत सभागार में आयोजित बैठक के बाद पत्रकारों से बात करते हुए सांसद ने कहा कि प्रधानमंत्री मोदी ने लैंडिंग स्थल को शिवशक्ति का नाम देकर वैज्ञानिकों का सम्मान किया है। भगवान शिव सबसे बड़े देवता हैं। वह सबसे बड़े वैज्ञानिक भी हैं। ऐसे में इस नाम पर सवाल उठाने के बजाय स्वामी प्रसाद मौर्य को प्रधानमंत्री मोदी को बधाई देनी चाहिए। 

रावण से लेकर अर्जुन तक ने भगवान शिव की आराधना की और दिव्य शक्तियां प्राप्त की। सांसद ने कहा कि स्वामी प्रसाद मौर्य खुद को गरीबों का नेता कहते हैं जबकि गरीबों के असली देवता भगवान शिव हैं। स्वामी प्रसाद मौर्य न सिर्फ शिवद्रोही हैं बल्कि वह गरीबों के भी द्रोही हैं। आपको बता दें कि सपा नेता स्वामी प्रसाद मौर्य ने चंद्रयान -3 के लैंडिंग स्थल को शिवशक्ति नाम दिए जाने पर प्रधानमंत्री मोदी की आलोचना की थी और इसे वैज्ञानिकों का अपमान बताया था। 

बिना ट्रायल एशियन गेम्स में पुनिया का चयन गलत
अमृत विचार: भारतीय कुश्ती संघ के पूर्व अध्यक्ष बृजभूषण शरण सिंह ने एशियन गेम्स में बजरंग पुनिया ,विनेश फोगाट और साक्षी मलिक के चयन पर भी सवाल खड़ा किया। सांसद ने कहा कि इन तीनों पहलवानों को हराने वाले दस दस पहलवान सिर्फ हरियाणा में ही मौजूद है। ऐसे में बिना ट्रायल चयन करना गलत परंपरा को बढावा देने जैसा होगा‌। बजरंग पुनिया जैसे लोग बीत चुके खिलाड़ी हैं। कांग्रेस नेता राहुल गांधी को प्रधानमंत्री का चेहरा बताने वाले अशोक गहलोत के बयान पर सांसद ने कहा कि ना नौ मन तेल होई ना राधा नचिहैं।

यह भी पढ़ें : मुजफ्फरनगर: छात्र की पहचान का खुलासा करने के आरोप में आल्ट न्यूज के मोहम्मद जुबैर के खिलाफ प्राथमिकी

संबंधित समाचार