प्रयागराज : छेड़खानी का विरोध करने पर दिनदहाड़े किशोर की हत्या

Amrit Vichar Network
Edited By Amrit Vichar
On

घटना से आक्रोशित लोगों ने किया चक्काजाम

नैनी/प्रयागराज, अमृत विचार। यमुना नगर के खीरी बाजार में एक हाई स्कूल के छात्र की पीटकर हत्या कर दी गई। छात्र ने चचेरी बहन के साथ छेड़खानी का विरोध किया था। घटना के विरोध में आक्रोशित ग्रामीणों ने खीरी चौराहा पर चक्काजाम कर दिया। सूचना पाकर पुलिस मौके पर पहुंची और किसी प्रकार लोगों को समझाकर शांत किया। 

सोमवार को खीरी बाजार में एक छात्रा के साथ कुछ मनचलों ने छेड़खानी कर दी। इससे वह परेशान हो गई और रोने लगी। उसी दौरान स्कूल से वापस लौट रहे उसके चचेरे भाई सत्यम (16) ने देखा तो उसने छेड़खानी का विरोध किया। इससे मनचले उसकी पिटाई करने लगे। पिटाई से वह गम्भीर रूप से घायल हो गया। यह देख जब आसपास के लोग जुटने लगे तो मनचले उसे मरणासन्न हालत में छोड़कर भाग निकले।

सूचना पाकर पुलिस मौके पर पहुंची और घायल को जिला अस्पताल भेज दिया, जहां चिकित्सकों ने उसे मृत घोषित कर दिया। घटना से लोगों में जबरदस्त आक्रोश व्याप्त हो गया। देखते ही देखते वहां भारी भीड़ जमा हो गई। लोगों ने चक्काजाम कर दिया और पुलिस के खिलाफ नारेबाजी करने लगे। इसकी जानकारी होने पर भारी पुलिस बल वहां पहुंच गई। लोग आरोपियों की शीघ्र गिरफ्तारी की मांग करने लगे। बाद में किसी प्रकार लोगों को समझाकर शांत कराया गया। मृतक अपने पांच भाइयों में सबसे छोटा था।

यह भी पढ़ें : प्रयागराज : बरेली राइफल क्लब को स्थानांतरित करने की मांग लेकर हाईकोर्ट में याचिका दाखिल

संबंधित समाचार