UP T-20 League: कल से होने वाली यूपी लीग के लिए खिलाड़ी बहा रहे पसीना, इन छह टीमों के बीच होंगे मुकाबले
कानपुर में यूपी टी-20 लीग के लिए सभी टीमें कड़ा अभ्यास कर रही हैं।
कानपुर में कल से होने वाली यूपी टी-20 लीग के लिए सभी टीमें कड़ा अभ्यास कर रही हैं। छह टीमों के बीच मैच खेले जाएंगे।
कानपुर, अमृत विचार। यूपी टी-20 लीग के लिए सभी टीमें कड़ा अभ्यास कर रही हैं। सोमवार को सुबह सबसे पहले नोएडा सुपर किंग्स के खिलाड़ियों ने अभ्यास किया फिर कानपुर सुपर स्टार ने पसीना बहाया। नोएडा के कप्तान नितीश राणा ने अभ्यास के दौरान तूफानी बल्लेबाजी करते हुए चौके, छक्के जड़े, जबकि कानपुर टीम के अंकित राजपूत ने धारदार गेंदबाजी कर पसीने छुड़ा दिए। देर शाम लखनऊ की टीम ने भी अभ्यास किया।
दोनों टीमों के अभ्यास मैच के दौरान ताकत झोंकने के बाद ओपनिंग मैच की गर्मी बढ़ती दिख रही है। जैसे जैसे मैच का दिन नजदीक आ रहा है, खेल प्रेमियों का जोश भी बढ़ रहा है। नोएडा सुपर किंग्स के नितीश राणा, भुवनेश्वर कुमार, सौरभ कुमार, समर्थ सिंह, अल्मास शौकत, प्रशांत वीर, आदित्य शर्मा के साथ अन्य भी उपस्थित रहे।
कानपुर सुपर स्टार से अक्शदीप नाथ, अंकित राजपूत, समीर रिजवी, आकिब खान, आदर्श सिंह, राहुल राजपाल, कार्तिक यादव, विशाल पांडेय, शुभ खन्ना के साथ अन्य उपस्थित रहे। कमला क्लब में सुबह काशी की टीम से करन शर्मा, शिवम मावी, प्रिंस यादव, शिवा सिंह ने जमकर अभ्यास किया। दोपहर में मेरठ टीम के खिलाड़ियों ने कड़ी धूप और गर्मी को दरकिनार कर अभ्यास किया। गोरखपुर गोरखपुर लायंस की टीम शाम को ग्रीन पार्क अभ्यास को पहुंची।
सेमीफाइनल और फाइनल के लिए स्पोर्ट्स-18 के साथ साझेदारी
30 अगस्त से कानपुर के ग्रीनपार्क में होने वाली यूपी टी-20 लीग के सभी मैचों का प्रसारण जीओ सिनेमा में होगा। इसके साथ ही आधिकारिक लाइव स्ट्रीमिंग पार्टनर और सेमीफाइनल, फाइनल मैचों के लिए फ्री-टू-एयर चैनल स्पोर्ट्स-18 खेल के साथ साझेदारी फैसला लिया है। जिओ सिनेमा सभी यूपी टी-20 मैचों का सीधा प्रसारण मोबाइल, टैबलेट और टीवी स्क्रीन पर दिखाएगा। क्रिकेट प्रेमियों को एक्शन के करीब लाने की पहल को आगे बढ़ाते हुए यूपीटी-20 ने टिकटों की बिक्री के लिए प्रमुख टिकटिंग पार्टनर पेटीएम इनसाइडर के साथ साझेदारी की है।
अंकित राजपूत बोले, हम बिल्कुल तैयार
ग्रीनपार्क स्टेडियम में अभ्यास के दौरान कानपुर सुपर स्टार्स के तेज गेंदबाज अंकित राजपूत ने कहा कि हमारे खिलाड़ी शत प्रतिशत प्रदर्शन करने को तैयार हैं। इस लीग में बेहतर प्रदर्शन आईपीएल, इंडिया-ए और सीनियर इंडिया टीम के लिए रास्ते खोलेगा। कहा कि हमारी टीम में सबसे अधिक युवा खिलाड़ी हैं, जो बेहतर प्रदर्शन की आस लेकर आए हैं। बोले, कप्तानी अक्शदीप नाथ ही करेंगे, लेकिन अंतिम फैसला टीम मैनेजमेंट व कोच का होगा। कहा कि किस खिलाड़ी को कहां और कैसे उतारना है? यह बखूबी पता है।
नोएडा की मजबूत टीम के सवाल पर कहा कि टी-20 मैचों में एक मैच हारने के बाद टीम घिर जाती है। टीम को वापसी करने में काफी मुश्किल होती है। हमारा पूरा फोकस पहले मैच से जीत का रथ आगे तक ले जाने का है। इसके लिए मैदान में अभ्यास से लेकर मैच की प्लानिंग तैयार है। हमारा लक्ष्य सिर्फ और सिर्फ मैच जीतना है। उन्होंने कानपुर के लोगों से अधिक से अधिक संख्या में ग्रीन पार्क पहुंचकर टीम का हौसला बढ़ाने का आग्रह किया।
लगी की टीमें
1 कानपुर सुपरस्टार
2 नोएडा सुपरकिंग्स
3 गोरखपुर लायंस
4 लखनऊ फाल्कंस
5 काशी रुद्रांश
6 मेरठ मावरिक्स
