मुरादाबाद : जनप्रतिनिधियों और अधिकारियों के निशाने पर जलनिगम की कार्यशैली, रामगंगा विहार को लेकर सभी मुखर
अगले साल मार्च तक पूरी होंगी 500 करोड़ से अधिक की लागत वाली अधूरी 13 परियोजनाएं
स्मार्ट सिटी मिशन के अन्तर्गत आपरेशन कायाकल्प में नगर क्षेत्र के 24 स्कूल पूरी तरह डिजिटल, चल रही स्मार्ट पाठशाला, सर्किट हाउस सभागार में मुरादाबाद स्मार्ट सिटी लिमिटेड के सिटी लेवल एडवाइजरी फोरम की बैठक
मुरादाबाद, अमृत विचार। महानगर के मोहल्लों में सीवरेज पाइप लाइन डालने के कार्य में सुस्ती पर जलनिगम की कार्यशैली जन प्रतिनिधियों और अधिकारियों के निशाने पर रही। वहीं 500 करोड़ रुपये से अधिक की लागत वाली मुरादाबाद स्मार्ट सिटी मिशन की 13 अधूरी परियोजनाओं को पूरा होने में अभी अगले साल मार्च तक का इंतजार करना होगा।
मंगलवार को सर्किट हाउस सभागार में स्मार्ट सिटी लिमिटेड के सिटी लेवल एडवाइजरी फोरम की बैठक हुई। इसमें नगर विधायक रितेश गुप्ता ने रामगंगा विहार में दो साल से चल रही सीवरेज पाइप लाइन कार्य को लेकर स्मार्ट सिटी मिशन लिमिटेड के अधिकारियों को घेरा। लेकिन सीईओ व नगर आयुक्त के यह बताने पर नगर विधायक, महापौर विनोद अग्रवाल के निशाने पर स्मार्ट सिटी की बजाय जलनिगम के अधिकारी निशाने पर आ गए। दोनों जन प्रतिनिधियों ने जलनिगम के अधिकारियों को उनके साथ बैठक कराने के लिए कहा। दोनों ने कहा कि जरूरत पड़ी तो जलनिगम के एमडी और अन्य उच्चाधिकारियों से हम स्वयं बात करेंगे।
बैठक में नगर विधायक ने सवाल किया कि 37 में से अधूरी 13 परियोजनाओं की प्रगति क्या है और यह कब तक पूरी होंगी। इस पर स्मार्ट सिटी मिशन लिमिटेड के सीईओ व नगर आयुक्त संजय चौहान ने बताया कि 37 में से 24 परियोजनाएं पूरी हो चुकी हैं। अधिकतम 31 मार्च 2024 तक 13 परियोजनाओं को पूरा कर लिया जाएगा। उन्होंने बताया कि जनवरी 2018 में मुरादाबाद का स्मार्ट सिटी में चयन हुआ। जुलाई 2019 से कार्य शुरु हुआ लेकिन कोरोना संक्रमण से दो साल प्रभावित रहा।
उन्होंने बताया कि 35 करोड़ रुपये की लागत से बन रहा मेटल हैंडीक्राफ्ट सर्विस सेंटर अक्टूबर तक पूरा हो जाएगा। साथ ही आपरेशन कायाकल्प के अन्तर्गत बेसिक शिक्षा विभाग के नगर क्षेत्र के 48 स्कूलों में जीर्णोद्धार कार्य और डिजिटल पाठशाला के काम के बारे में बताया कि 24 स्कूल पूरी तरह डिजिटल हो चुके हैं। 48 में से 42 में काम लगभग हो चुका है। अक्टूबर तक सभी स्कूलों में स्मार्ट पाठशाला चलेगी। बैठक में एडीएम सिटी ज्योति सिंह, अपर नगर आयुक्त अतुल कुमार, स्मार्ट सिटी के नोडल एके मिश्र, मुख्य अभियंता अनिल कुमार मित्तल के अलावा एडवाइजरी फोरम के सदस्य और नगर निगम के मान बहादुर सहित अन्य संबंधित कर्मचारी आदि मौजूद रहे।
लाकड़ी फाजलपुर में 400 भट्ठियों में गलेगी धातु, 6000 कर्मियों को मिलेगा काम
सीईओ ने बताया कि कामन वाल फर्नल फैसिलिटी सेंटर लाकड़ी फाजलपुर में 25.10 करोड़ रुपये की लागत से 5600 वर्गमीटर क्षेत्र में चार मंजिला बना रहे हैं। इसमें 400 भट्ठियों में धातु गलाकर उसके सामान बनेंगे। यहां धातु से जुड़े 6000 कर्मियों को यहां सुरक्षित काम करने का अवसर मिलेगा।
अगले साल मिलेगी जलभराव से निजात
महानगर में बरसात के समय जलभराव से नागरिकों का दर्द खुद नगर आयुक्त ने बैठक में बयां किया। उन्होंने कहा कि जल निकासी के लिए करुला और केल्टन नाले का जीर्णोद्धार करा रहे हैं। क्योंकि महानगर इन दोनों से घिरा है। रिहैबिलिटेशन आफ स्टार्म वाटर परियोजना के अन्तर्गत इन दोनों नालों से महानगर के अन्य नाले-नालियों को जोड़ा जाएगा। जिससे जलभराव से निजात मिलेगी। यह परियोजना अगले साल फरवरी तक पूरी होगी।
दिल्ली और कांठ रोड तक हो सौंदर्यीकरण कार्य का विस्तार
सिटी ब्रांडिंग परियोजना में महानगर के 12 हिस्सों का सौंदर्यीकरण कराने की सीईओ ने जानकारी दी। बताया कि पीलीकोठी के करीब मेथोडिस्ट कालेज के पास सेल्फी प्वॉइंट बनाया गया है। नवाब मज्जू खां मजार, फव्वारा चौराहे सहित 12 जगहों पर काम चल रहा है। इस पर महापौर ने सुझाव दिया कि दिल्ली और कांठ रोड, रामगंगा के किनारे इस कार्य को विस्तारित किया जाए।
जर्जर झूलते तारों से मिलेगा छुटकारा
इलेक्ट्रिक स्काडा परियोजना पहले चरण में एबीडी क्षेत्र लोकोशेड के पीछे के मोहल्लों में जर्जर व झूलते तार, विद्युत खंभों को हटाने और उसे सुनियोजित करने का काम बिजली विभाग के समन्वय से चलने की जानकारी नगर आयुक्त ने दी। नगर विधायक ने स्मार्ट सिटी के अन्तर्गत बुध बाजार में बिजली विभाग के काम को जल्द और प्राथमिकता पर पूरा कराने का सुझाव दिया।
ये भी पढ़ें : मुरादाबाद : गोवा नेशनल गेम्स में स्वर्ण पदक जीतना सरिता रोमिल का लक्ष्य
