मुरादाबाद : गोवा नेशनल गेम्स में स्वर्ण पदक जीतना सरिता रोमिल का लक्ष्य
रायबरेली में आयोजित 88वें आल इंडिया रेलवे गेम्स में जीता गोल्ड
मुरादाबाद, अमृत विचार। गोवा में आयोजित होने वाले राष्ट्रीय खेल प्रतियोगिता (नेशनल गेम्स) में स्वर्ण पदक जीतना मेरा लक्ष्य है। मुझे अब तक ऐसी प्रतियोगिताओं में दो गोल्ड मेडल मिल चुके हैं। लेकिन, अब तीसरा स्वर्ण पदक हासिल करना मेरा प्रण है। 25 अक्टूबर से 9 नवंबर के बीच गोवा में नेशनल गेम्स का आयोजन होना है। अब मैं इसी के लिए दिन-रात एक करूंगी।
यह संकल्प है ऑल इंडिया रेलवे गेम्स के हैमर थ्रो प्रतियोगिता में स्वर्ण पदक जीतने वाली सरिता रोमिल सिंह का। सोमवार को अमृत विचार से बातचीत में संगीता ने फौलादी इरादे जाहिर किए। मंडल रेल प्रबंधक कार्यालय के परिचालन विभाग में सीनियर क्लर्क के रूप में कार्यरत कर्मचारी के प्रदर्शन पर रेलवे को गुमान है। क्योंकि रायबरेली में 23 से 25 अगस्त के मध्य आयोजित ऑल इंडिया रेलवे गेम्स में सरिता ने विभाग को फिर से रोमांचित कर दिया है। संगीता ने विभागीय खेल प्रतियोगिता में स्वर्ण पदक अपनी झोली में किया है। इंटरनेशनल कॉमनवेल्थ गेम्स में हैमर थ्रो का रिकॉर्ड बनाने वाली सरिता इस बात से अभिभूत हैं कि ऑल इंडिया रेलवे और ऑल इंडिया नेशनल गेम्स के दोनों रिकॉर्ड भी उन्हीं के नाम दर्ज हैं।
बताया कि वर्ष 2017 में देश स्तरीय खेल में सबसे अधिक दूरी के थ्रो का रिकॉर्ड बनाया है। इस प्रतियोगिता में रेलवे की ओर से खेलते हुए मैंने 63.57 मीटर गोला फेकने का रिकॉर्ड अपने नाम किया है, जबकि 2022 में पटियाला में आयोजित नेशनल गेम्स में 65.25 मीटर हैमर थ्रो का रिकॉर्ड बनाया था। यह रिकॉर्ड भी अभी टूटा नहीं है। 25 गोल्ड मेडल और विभिन्न प्रतिस्पर्धाओं में कुल 35 मेडल जीतने वाली सरिता कहतीं हैं कि इंटरनेशनल कॉमनवेल्थ गेम 2022 ने मेरा सबसे अधिक हौसला बढ़ाया। इसमें हमने स्वर्ण पदक हासिल किया। जबकि, 2018 में जकार्ता में आयोजित एशियन गेम्स में मुझे पांचवा स्थान मिला था। उधर, 2017 में एशियाई चैंपियनशिप में छठवें नंबर से संतोष करना पड़ा।
मंडलीय क्रीड़ा सचिव रायबरेली माडर्न कोच फैक्ट्री में 88वें आल इंडिया रेलवे गेम्स में 47 प्रतियोगिताएं हुईं। मुरादाबाद मंडल की ओर से सरिता रोमिल सिंह ने 59.47 मीटर थ्रो का रिकार्ड बनाया है। दूसरे नंबर पर रेखा और तीसरे नंबर पर कुलबिंदु कौर रही हैं। पुरुष वर्ग में उत्तर रेलवे की टीम उप विजेता रही है। सरिता के इस प्रदर्शन पर मंडल रेल प्रबंधक राजकुमार सिंह ने प्रसन्नता व्यक्त की है। -राजेंद्र शर्मा, मंडलीय क्रीड़ा सचिव
ये भी पढ़ें : मुरादाबाद : वाराणसी यार्ड पुनर्निर्माण के चलते महामना अर्चना समेत 24 एक्सप्रेस ट्रेनें रहेंगी निरस्त
