UP T-20 League: पुलिस आयुक्त पहुंचे ग्रीनपार्क स्टेडियम, सुरक्षा व्यवस्था का लिया जायजा, आज से लीग का होगा आयोजन

Amrit Vichar Network
Edited By Amrit Vichar
On

कानपुर में यूपी लीग के आयोजन से पहले पुलिस आयुक्त डॉ. आर के स्वर्णकार ग्रीनपार्क स्टेडियम पहुंचे।

कानपुर में यूपी लीग के आयोजन से पहले पुलिस आयुक्त डॉ. आर के स्वर्णकार ग्रीनपार्क स्टेडियम पहुंचे। जहां उन्होंने सुरक्षा व व्यवस्था का जायजा लेते हुए मैदान को अंदर से बाहर तक, दर्शकों की एंट्री व एग्जिट पॉइन्ट, प्लेयर व वीआईपी पवेलियन देखी।

कानपुर, अमृत विचार। ग्रीनपार्क स्टेडियम में बुधवार शाम से यूपी लीग आयोजित हो रही है। पुलिस आयुक्त डॉ.आर.के. स्वर्णकार ने सुरक्षा व व्यवस्था का जायजा लेते हुए मैदान को अंदर से बाहर तक, दर्शकों की एंट्री व एग्जिट पॉइन्ट, प्लेयर व वीआईपी पवेलियन देखी। इसके साथ ही एडीसीपी ईस्ट व एसीपी कोतवाली को मैच को लेकर दिशा निर्देश भी दिए।

मैचों के लिए बनाई नौ पिचें पर पांच का उपयोग

ग्रीनपार्क स्टेडियम में बुधवार से शुरू होने वाले यूपी टी-20 लीग के लिए कुल नौ पिचें तैयार की गईं हैं। लेकिन इनमें से पांच का ही उपयोग किया जाएगा। पिच क्यूरेटर शिव कुमार ने बताया कि हमारी पिचें बल्लेबाजों के लिए ज्यादा मददगार हैं। पिच में नमी बिल्कुल नहीं हैं। जिसका सीधा फायदा बल्लेबाजों को मिलेगा। 20 ओवरों के मैच में रनों की बौछार रहेगी। कोई बड़ी बात नहीं है कि यहां बड़े स्कोर के रिकार्ड टूट जाएं। देर शाम को स्पिनरों को पिच से टर्न मिलेगी, लेकिन यह उनकी कुशलता पर निर्भर होगा कि कितनी गेंद घुमा सकते हैं। पिच में उछाल रहने से तेज गेंदबाजों को मदद मिल सकती है।

पहला मुकाबला तीन नंबर पिच पर

कुल 33 मुकाबलों के लिए पांच विकेट तैयार की गयी हैं। पहला मैच तीन नंबर पिच पर होना है। इस मैच में टॉस जीतने वाली टीम को लाभ मिलेगा। पहले बल्लेबाजी करने वाली टीम खूब रन बटोर सकती है। बड़ा स्कोर भी बन सकता है। 

15 मैचों के बाद पिचों का करना पड़ेगा ट्रीटमेंट

अगर ऐसा ही मौसम रहा तो पिचों को स्पेशल ट्रीटमेंट देना होगा। क्यूरेटर के अनुसार पिच को बचाने के लिए दोगुनी मेहनत करनी होगी। मैचों की संख्या अधिक है जिसके चलते विकेट कमजोर हो सकती है। इस पर भी हम लोग काम कर रहे हैं। पहले से ही तैयारी चल रही है।

जीयो सिनेमा पर देंखे सारे मैच स्पोर्ट्स 18 पर सेमी व फाइनल यूपी टी-20 लीग ने जीयो को आधिकारिक रुप से अपना स्पॉन्सर बनाया है। जीयो सिनेमा पर लीग के सभी मुकाबले लाइव स्ट्रीम किए जाएंगे।

जीयो सिनेमा का कहना है कि वह यूपी टी-20 लीग को लेकर रोमांचित है। जीयो सिनेमा पर सर्वश्रेष्ठ क्रिकेट एक्शन मुफ्त में देखने को मिलेगा। लीग का फाइनल मुकाबला टीवी पर भी देखा सकेगा। स्पोर्ट्स 18 चैनल पर लीग के दोनों सेमीफाइनल और फाइनल मैच की ब्रॉडकास्टिंग की जाएगी।
आज को छोड़ हर दिन दो मैच, फाइनल होगा 16 को 

यूपी टी-20 लीग के सभी मैच ग्रीनपार्क स्टेडियम में खेले जांएगे। बुधवार से लीग शुरुआत होगी और लीग मैच 14 सितंबर तक चलेंगे। इसके बाद 15 सितंबर को दो सेमी फाइनल मैच और 16 सितंबर को फाइनल मुकाबला होगा। उद्घाटन का दिन छोड़कर रोज दो मैच खेले जाएंगे।

मैच के दौरान सटोरियों पर रहेगी कड़ी नजर 

यूपी टी-20 लीग क्रिकेट मैचों के दौरान सट्टेबाजी का खेल रोकने और बुकी पर नजर रखने के लिए एंटी करप्शन की टीम ने शहर में डेरा डाल लिया है। टीम के सदस्य लीग के मैचों के दौरान सटोरियों पर कड़ी नजर रखेंगे। कमिश्नरेट पुलिस ने भी सटोरियों पर निगरानी के लिए खुफिया जाल बिछाया है।

 

संबंधित समाचार