हरदोई : माउंट एल्ब्रुस पर तिरंगा लहराने वाले अभिनीत का हुआ अभिनंदन
हरदोई, अमृत विचार। यूरोप की सबसे ऊंची चोटी माउंट एल्ब्रुस पर तिरंगा फहराने वाले पर्वतारोही अभिनीत मौर्या के अभिनंदन और सम्मान करने का सिलसिला लगातार जारी है। इसी कड़ी में राष्ट्रीय अनुसूचित जाति आयोग की सदस्य व पूर्व सांसद अंजू बाला ने पर्वतारोही के घर पहुंच कर स्मृति चिन्ह और अंग वस्त्र भेंट कर उनका सम्मान किया। आयोग की सदस्य ने कहा कि अभिनीत मौर्या ने माउंट एल्ब्रुस पर तिरंगा फहरा कर पूरी दुनिया में देश का परचम फहराया है।
बताते चलें कि ज़िले के ब्लाक कोथावां के सांता निवासी पर्वतारोही अभिनीत मौर्या ने यूरोप की सबसे ऊंची चोटी माउंट ऐल्ब्रुस पर चढ़ाई कर वहां तिरंगा फहराया था। उनकी इस उपलब्धि से समूचा देश अपने को गौरवान्वित महसूस कर रहा है। राष्ट्रीय अनुसूचित जाति आयोग की सदस्य व पूर्व सांसद अंजू बाला ने बुधवार को अभिनीत मौर्या के गांव पहुंची। जहां उन्होंने इस उपलब्धि के लिए अभिनीत का आभार जताया। उन्होंने पर्वतारोही को स्मृति चिन्ह और अंग वस्त्र भेंट कर उन्हें सम्मानित किया।
उन्होंने कहा कि अभिनीत की यह उपलब्धि देश और प्रदेश के युवाओं के लिए प्रेरणादायक है। इस दौरान नीलमणि सिंह एडवोकेट,विजय सिंह, सुखवासी लाल वर्मा, शिवांशु,त्रिलोकी रजनीकांत पटेल और दिलीप प्रजापति मौजूद रहे।
ये भी पढ़ें -CM योगी ने कन्या सुमंगला योजना लाभार्थियों से किया संवाद, कहा - बेटियों से नहीं होने देंगे भेदभाव
